February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम धामी ने दीपावली के लिए पत्नी संग मिट्टी के दीये तथा मूर्तियां खरीदी

हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के गुणवत्तायुक्त दीपावाली के लिए गिफ्ट पैक भी है उपलब्ध
देहरादून(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दीपावली के शुभ अवसर पर सपरिवार चकराता रोड़ स्थित स्थानीय बाजार का भ्रमण कर विश्वकर्मा बंधुओं द्वारा तैयार किये गए मिट्टी के दीये तथा मूर्तियां खरीद कर डिजिटल पेमेन्ट के माध्यम से भुगतान किया।मुख्यमंत्री ने प्रकाश के पर्व दीपावली की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में उत्साह, उमंग और उजाला लाए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर छोटे कारीगर बड़ी मेहनत से दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुएं बनाते हैं। हाथ से निर्मित होने के चलते इन वस्तुओं की लागत अधिक आती है। उन्होंने सभी से अपील की कि हस्त निर्मित स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक क्रय करें जिससे इससे जुड़े लोगों की जीविका भी बनी रहे और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि इससे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को आत्मसात करने की सभी को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना विकसित भारत निर्माण का भी एक महत्वपूर्ण पहलू है। इस अवसर पर महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखण्ड सरकार के अधीन सभी विभाग और कार्यालयों की बैठकों/ आयोजनों के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद खरीदे जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वोकल फॉर लोकल मंत्र से प्रेरणा लेते हुए उत्तराखण्ड सरकार हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड को प्रोत्साहित कर रही है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के गुणवत्तायुक्त उत्पाद, दीपावाली जैसे बड़े अवसर के लिए गिफ्रट पैक के रूप में भी उपलब्ध हैं। सभी राज्यवासी इन उत्पादों को खरीद कर अपने प्रदेश के ग्रामीण उद्यमियों की आजीविका बढाने में योगदान दे सकते हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज, उत्तराखण्ड के महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों का कॉमन ब्रांड है। इसका उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों हुआ है। इस संबंध में सचिव श्रीमती राधिका झा ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड अपनी गुणवत्ता को लेकर भी कम समय में पहचान बनाने में कामयाब रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद ई-कॉमर्स पोर्टल पर भी उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *