February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रामनगर (उद संवाददाता)। रानीखेत रोड पर गर्जिया पुलिस चौकी के पास बाइक सवार पर बाघ ने हमला कर दिया। घटना में बाइक सवार घायल हो गया। घायल को रामनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार सुंदरखाल निवासी 53 वर्षीय हरीश राम पुत्र बलिराम मंगलवार रात बाइक पर ढिकुली से सुंदरखाल जा रहे थे। गर्जिया पुलिस चौकी से 500 मीटर पहले जंगल से कोसी नदी की ओर जा रहे बाघ ने बाइक सवार हरीश राम पर हमला कर दिया। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर गया। हालांकि बाघ नदी की ओर चला गया और उसने बाइक सवार पर दोबारा हमला नहीं किया। घायल ने पास ही चौकी के पुलिसकर्मियों को घटना की सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने वनकर्मियों को घटना की जानकारी देकर घायल को रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की कमर पर बाघ के नाखून के निशान हैं। डॉक्टरों ने इलाज के बाद घायल को घर भेज दिया। रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र पांडे ने बताया सड़क पार करते हुए बाघ ने बाइक सवार पर हमला किया है। बाघ की दस्तक वाले क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *