Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केदारनाथ धाम पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ

देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा अर्चना की। उनके साथ मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव ग्रह/ सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद भी केदारनाथ पहुचें । केदारनाथ हेलीपैड पर उनका स्वागत बदरी-केदार मंदिर समिति बीकेटीसी के अध्यक्ष अजय अजयेंद्र, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग अमरदेई शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर पंवार, जिलाधिकारी डा. सौरभ गहरवार, पुलिस अधीक्षक डा. विशाखा समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। वहीं पुरोहित समाज ने परंपरागत मंत्रोच्चारण के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। तीर्थ पुरोहितों से भेंट करने के बाद मुख्यमंत्री योगी जीएमवीएन अतिथि गृह में कुछ देर विश्राम किया। यहीं पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं प्रशंसकों से भेंट करने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर विश्व में सुख समृद्धि एवं जन कल्याण की कामना की। इससे पहले यूपी सीएम ने रविवार की सुबह बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। उन्होंने ब्रह्मकपाल में पिंडदान किया। ब्रह्म कपाल तीर्थ में पितृ तर्पण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने यहां पूजा अर्चना की। बता दें शनिवार को योगी आदित्यनाथ का केदारनाथ आने का कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री के केदारनाथ धाम में आगमन को लेकर प्रशासन, पुलिस, बीकेटीसी द्वारा सभी तैयारियां की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक चौबंद किया गया। सीएम योगी के स्वागत के लिए कई भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी केदारनाथ पहुंच गए, लेकिन मौसम ने सभी को निराश कर दिया। बदरीनाथ धाम दर्शन के बाद सीएम योगी रविवार सुबह केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचे। इससे पहले सीएम योगी शनिवार को भारत- तिब्बत सीमा माणा पास बार्डर घसतोली में सेना के जवानों के बीच गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *