Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सूबेदार मेजर नंदन सिंह चम्याल का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव

लोहाघाट (उद संवाददाता)।जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आइटीबीपी बस हादसे में बलिदान हुए चंपावत देवीधुरा पखोटी गांव निवासी सूबेदार मेजर नंदन सिंह चम्याल का पार्थिव शरीर आज उनके गांव पहुंचा। पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। स्वजन बेसुध हो गए। सुबह से ही तिरंगे से सजे वाहन समेत दर्जनों वाहन के साथ स्वजन और क्षेत्र के लोग कनवाड़ बैंड पर प्रतीक्षा कर रहे थे। पार्थिव शरीर सेना के वाहन से जैसे ही गांव पहुंचा सूबेदार मेजर नंदन सिंह चम्याल के गगनभेदी नारों से आसमान गुंजायमान हो उठा। बता दें चंपावत जिले के देवीधुरा पखोटी गांव निवासी सूबेदार मेजर नंदन सिंह चम्याल बीते दिनों जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आइटीबीपी बस हादसे में घायल हो गए थे। उनकी उम्र 50 साल थी। श्रीनगर के अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। सोमवार रात 11 बजे इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। नंदन सिंह चम्याल के पार्थिव शरीर को जम्मू से सुबह हेलीकाप्टर से दिल्ली लाया गया। जिसके बाद बाईरोड देवीधुरा लाया गया। देर रात से हो रही बारिश के चलते पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने में वत्तफ लग गया। अरुणाचल प्रदेश के चौथी बटालियन में तैनात नंदन सिंह डेढ़ माह पूर्व अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर गए हुए थे। बीते सोमवार की देर रात उनके शहीद होने की खबर मिलते उनके घर में लोगों का तांता लग गया। सूचना के बाद गांव में कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *