Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर बंदूक सहित लाखों का सामान चोरी

रूद्रपुर । गत रात्रि अज्ञात चोरों ने ग्राम भूरारानी स्थित सरस्वती कालोनी में गृहस्वामी की गैर मौजूदगी में बंद घर की खिड़की की ग्रिल तोड़ भीतर घुसकर कमरे में रखी बंदूक सहित अलमारी व अन्य स्थानों से लाखों का सामान चोरी कर लिया। प्रातः घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के हल्का प्रभारी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने गृहस्वामी के बड़े भाई से मामले की विस्तार से जानकारी ली। पुलिस ने कालोनी के गार्ड को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ का अनुज सरस्वती कालोनी निवासी मनीष चुघ बीते दिनों अपनी पत्नी परिधि व पुत्र सिद्धार्थ के साथ विदेश घूमने गये हैं। उनकी गैर मौजूदगी में गत रात्रि अज्ञात चोर वहां आ पहुंचे। जब उनसे मुख्य दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़ दी और शीशा निकाल कर घर के भीतर जा घुसे। जिसके बाद चोरों ने घर खंगाला और भाग निकले। प्रातः जब कालोनी के लोगों ने मनीष के घर की खिड़की की ग्रिल टूटी देखी तो उन्होंने इसकी जानकारी उनके बड़े भाई भारत भूषण चुघ को दी। सूचना मिलते ही चुघ परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कमरे की अलमारी व पलंग आदि खुले हुए हैं और सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ है। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी एसआई महेश कांण्डपाल पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंच गये। श्री चुघ से आवश्यक जानकारी लेने के बाद उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। श्री चुघ ने बताया कि भाई मनीष परिवार सहित विदेश गया है।उसे मामले की जानकारी दे दी गई है। उनका कहना था कमरे में रखी मनीष की बंदूक नदारद है तथा घर से चोर कितना अन्य सामान चोरी कर ले गये हैं इसकी पूरी जानकारी मनीष के यहां वापस लौटने पर ही मिल सकेगी। पुलिस ने कालोनी के सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ की और उसे अपनी हिरासत में ले लिया। इधर पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी फोन पर भारत भूषण चुघ से घटना को लेकर बातचीत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *