क्वारेंटाइन सेंटर में युवक ने गटका जहर, गंभीर
क्वारेंटाइन सेंटर में युवक ने गटका जहर, गंभीर
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। करीब एक पखवाड़ा पूर्व पंतनगर स्थित क्वारन्टीन भवन में भर्ती कराए गए युवक ने आज प्रातः विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। ड्यूटी पर तैनात लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। युवक अर्ध विक्षिप्त बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पंतनगर थाना पुलिस द्वारा बीते दिनों सड़क पर लावारिस अवस्था से घूमते एक अर्द्ध विक्षिप्त युवक को पकड़ा गया था और उनसे पंतनगर स्थित क्वाॅरेंटाइन भवन में भर्ती करा दिया गया था। बताया जाता है आज युवक ने कमरे के पास ही रखे विशाल पदार्थ को गटक लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। वहां मौजूद लोगों ने जब शोर मचाया तो ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी आ पहुंचे और युवक की हालत देख उनमें हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पन्तनगर थाने के कई कर्मी भी आ पहुंचे और युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया । जहां समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि युवक अर्ध विक्षिप्त है। पकड़े जाने के दौरान भी वह अपना नाम पता नहीं बता पाया था। युवक को क्वाॅरेंटाइन किए लगभग 14 दिन पूरे होने वाले हैं और उनसे छुट्टी भी दी जानी थी। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
