Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

निजी कंपनी के सुरक्षा गार्ड की संदिग्धा हालत में मौत

गदरपुर (उद संवाददाता)। निजी कंपनी के सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने सुरक्षा गार्ड के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिथौरागढ जिले के लोहाघाटघ् थाना क्षेत्र में रहने वाले करीब 45 वर्षीय सुरेश सिंह मेहरा पुत्र त्रिलोक सिंह मेहरा क्यूएस एंड पीएस कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत और करीब 15 दिन पूर्व दुर्गा राइस मिल गदरपुर में बतौर सुरक्षा गार्ड तैनात हुआ था। बुधवार की सुबह करीब 6 बजे जब मिल में कार्य करने वाले श्रमिक मिल में पहुंचे तो सुरेश सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिल परिसर के पीछे भूसे के ढेर के पास अचेत अवस्था में पाया गया। घटना की जानकारी होने पर मिल स्वामी गौरव भुडडी मौके पर पहुंचे और सुरेश के परिजनों को सूचना देकर श्रमिकों की मदद से सुरेश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उनको रुद्रपुर जाने की सलाह दी। रुद्रपुर जाते समय सुरेश की रास्ते में ही मौत हो गई। गौरव भुडडी द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा मृतक सुरेश के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। मृतक सुरेश अपने पीछे पत्नी हेमा, 15 वर्षीय पुत्री महिमा, 13 वर्षीय पुत्री काजल एवं 8 वर्षीय पुत्र लव्यांश को रोते-बिलखते छोड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *