Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

श्रमिकों से भरा टैम्पो पलटा, एक की मौत

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। आज प्रातः उत्तर प्रदेश क्षेत्र में कैमरी मार्ग पर ग्राम रहसाना के समीप फैक्ट्री जा रही महिला श्रमिकों से भरा टैम्पो सामने से आते डम्पर से बचने के प्रयास में सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में एक महिला श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गयी। जबकि अन्य को मामूली चोटें आयीं। घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। जिला चिकित्सालय में फैक्ट्री के कई कर्मी भी आ पहुंचे। जानकारी मिलने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मौजूद लोगों से आवश्यक जानकाारी ली और शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार ग्राम मुबारकपुर निपनिया थाना मिलक रामपुर निवासी 38वर्षीय क्रान्ति पत्नी स्व. महेंद्र अपनी अन्य महिला श्रमिक साथियों ग्राम की ही निवासी शान्ति देवी, सुभावती, अंजलि, मोहिनी, अमरवती, गीता, निकिता, धरमवती सहित करीब आधा दर्जन साथियों के साथ टैम्पो संख्या यूके-06टीए/5112 पर सवार होकर ग्राम से चीनी मिल के समीप स्थित जीपीएल फैक्ट्री की ओर प्रातः करीब 5बजे रवाना हुईं। बताया जाता है कि मार्ग में कैमरी मार्ग पर ग्राम रहसाना के समीप विपरीत दिशा से तीव्र गति से आ रहे डम्पर कोा बचाने के प्रयास में टैम्पो चालक ग्राम खेमपुर निवासी संजीव वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और टैम्पो सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में टैम्पो में सवार सभी महिला श्रमिक सड़क पर आ गिरीं और उनमें चीख पुकार शुरू हो गयी। शोर की आवाज सुनकर आसपास जा रहे तमाम लोग वहां पहुंचे और उन्होंने महिलाओं को टैम्पो से बाहर निकाला। इस दुर्घटना में क्रान्ति के सिर पर गंभीर चोटें आ गयीं। उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए उसे उपचार के लिए तत्काल यहां जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। क्रान्ति की मौत से परिजनों में कोहरामा मच गया। मृतका क्रान्ति के पति महेंद्र का करीब एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका है और क्रान्ति फैक्ट्री में काम कर अपने चार पुत्रियों व दो पुत्रों का पालन पोषण कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *