February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

होटल प्रबंधक की बस से कुचलकर मौत

काशीपुर (उद संवाददाता)। आज प्रातः स्कूटी पर सवार होटल मैनेजर की रोडवेज बस से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गयी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे मंे लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर आ पहुंचे और शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार मूलरूप से रानीखेत निवासी नवीन कांडपाल पुत्र शिवदत्त यहां मोहल्ला कटोराताल में अपनी पत्नी व दो बच्चों 12 वर्षीय मानस व 5वर्षीय लक्ष्य के साथ किरायेदार के रूप में रहते थे। बताया जाता है कि वह पिछले एक वर्ष से अधिक समय से बाजपुर रोड स्थित होटल गौतमी हाइट्स में प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। आज प्रातः वह होटल की स्कूटी पर सवार होकर घर से होटल के लिए रवाना हुए। जब वह कुण्डेश्वरी रोड स्थित एक रिसाॅर्ट के समीप पहुंचे तभी मुरादाबाद डिपो की बस संख्या यूपी-21एएन/ 3496 के चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे नवीन स्कूटी से गिरकर बस के टायरों की चपेट में आ गये और कुछ ही देर में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर बस को भी कब्जे में लिया और यातायात सुचारू कराया। इधर घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन व होटल प्रबंधन भी घटनास्थल पर आ पहुंचा और नवीन का शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इधर नवीन की मौत की जानकारी मिलने पर उसके मूल निवासी रानीखेत से भी अन्य परिजन यहां आ पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *