Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टोल प्लाजा बंद कराने के लिए ठुकराल ने कसी कमर

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। विधायक राजकुमार ने किच्छा रोड देवरिया में कल टोल प्लाजा बंद कराने के लिए कमर कस ली है। उन्होनें कार्यकर्ताओं से कल टोल प्लाजा कूच के लिए अधिक से अधिक संख्या में जुटने की अपील की है। श्री ठुकराल ने कहा कि टोल प्लाजा कूच के लिए वह कल अपने निवास से कार्यकर्ताओं के साथ प्रस्थान करेंगे। उनहोंने कहा कि कई बार आग्रह के बावजूद गल्फार कंपनी के अधिकारी अपनी मनमानी पर अड़े हुए हैं। कंपनी को सिर्फ टोल वसूली की चिंता है,अधूरी सड़क पर आये दिन लोगों की जान जा रही है इससे गल्फार कंपनी को कोई सरोकार नहीं रहा। श्री ठुकराल ने कहा कि रूद्रपुर में शमशान घाट व दूधिया मंदिर से तीन पानी शुक्ला फार्म तक, मेडिसिटी के सामने सड़क व पुलिया निर्माण, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चैक पर नाला व सड़क निर्माण, काशीपुर रोड पर फ्लाईओवर के बांयी ओर सर्विस लेन का निर्माण, गदरपुर में बाईपास निर्माण, ग्रीन पार्क सोबती कालेनी से एलायंस गेट तक सड़क निर्माण के अलावा अन्य कई स्थानों पर सर्विस लेन का निर्माण कराये जाने की मांग वह पूर्व में भी कई बार उठा चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण ठप पड़ा है। श्री ठुकराल ने कहा कि वह जनता के हितों की अनदेखी किसी सूरत में नहीं होने देंगे। गल्फार कंपनी की लापरवाही और उदासीन रवैये के कारण अब तक कई लोगों की हादसों में जान जा चुकी है। आम जनता को मौत के मुंह में धकेलने वाली गल्फार कंपनी के खिलाफ अब वह चुप नही बैठेंगे। श्री ठुकराल ने कहा कि ‘सड़क नही तो टोल नहीं’ के नारे के साथ कल बाईस जून को टोल प्लाजा बंद करा दिया जायेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विरोध प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *