Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला दो दिन बाद होने जा रहा है। जैसे जैसे मतगणना की तिथि नजदीक आ रही है वैसे वैसे प्रत्याशियों की धड़कनें भी तेज होने लगी है। मतगणना से पहले जारी हो रहे एग्जिट पोल में एक बार फिर केन्द्र में मोदी सरकार बनने के दावे किये जा रहे है। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए जारी ज्यादातर आकड़ों के मुताबिक एक बार फिर एनडीए बहुमत से केंद्र में सरकार बनाएगी। लोकसभा चुनाव के लिए 7 चरणों में मतदान 11 अप्रैल से 19 मई तक चला। वोटों की गिनती और साथ ही परिणामों की घोषणा 23 मई को होनी है। लोकसभा में कुल 543 सीटें हैं और बहुमत के लिए किसी भी पार्टी या गठबंधन को कम से कम 272 सीटें चाहिए। इंडिया टुडे एक्सिस माई इंडिया के मुताबिक 542 सीटों में बीजेपी को 339-365 सीटें, कांग्रेस को 77-108, सपा-बसपा को 10-16 और अन्य के खाते में 69-95 सीटें मिलेंगी।जन की बात एजेंसी के मुताबिक एनडीए को 305, यूपीए को 124, सपा-बसपा गठजोड़ को 26 और अन्य के खाते में 87 सीटें जा सकती हैं। सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, लोकसभा की कुल 543 सीटों में एनडीए को 287, यूपीए को 128, सपा-बसपा को 40 और अन्य के खाते में 87 सीटें जा सकती हैं। न्यूज नेशन ने एनडीए को 286, यूपीए को 122 और अन्य को 134 सीटें दी हैं। पोल एजेंसी वीएममआर के मुताबिक एनडीए को 306, यूपीए को 132, सपा-बसपा को 20 और अन्य के खाते में 84 सीटें जा सकती हैं। सर्वे एजेंसी नेक्सा ने अपने एग्जिट पोल में बताया है कि एनडीए को 242, यूपीए को 164, और अन्य को 136 सीटें मिल सकती हैं। पोल स्ट्रेट के अनुसार एनडीए को 298, यूपीए को 118, सपा-बसपा को 40 और अन्य के खाते में 86 सीटें आ सकती हैं। न्यूज 18 पर आए एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को 292 से 312 सीटें मिलेंगी जबकि यूपीए को 62 से 72 सीटें मिलने की संभावना है। कई एग्जिट पोल के मुताबिक उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन बीजेपी को खासा नुकसान पहुंचा सकता है। 2014 के चुनाव में एनडीए को राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 73 सीटें मिली थीं। कुछ एग्जिट पोल की मानें तो इस बार बीजेपी गठबंधान को 40 सीटें भी नहीं मिलेंगी। एबीपी निल्सन के सर्वे के मुताबिक बीजेपी को 277, कांग्रेस को 130 और अन्य के खाते में 135 सीटें जा सकती हैं।
उत्तराखण्ड में कमल खिलने की उम्मीद
देहरादून। लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान सम्पन्न होते ही एक्जिट पोल सामने आने लगे है। सभी एक्जिट पोल केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने का दावा कर रहे है तो वही उत्तराखण्ड में भी भाजपा की झोली में पांचों सीटे जाने की उम्मीद हैं। उत्तरांचल दर्पण के सर्वे में भी भाजपा पांचों सीटों पर जीतती हुई नजर आ रही है। एक्जिट पोल के आंकड़े कहीं खुशी तो कहीं गम जैसी स्थिति पैदा कर गये हैं। कांग्रेस इन आंकड़ों को सिरे से नकार रही है। कांग्रेस पार्टी ने एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज करते हुए कहा कि देश में गैर भाजपाई सरकार बनेगी। लेकिन मतगणना से पूर्व आये सभी एक्जिट पोल भाजपा और उनके सहयोगियों को स्पष्ट बहुमत दिखा रहे है। जिसके चलते भाजपाईयों के चेहरे खिले हुये है। इन रूझानों से इतना तो स्पष्ट है कि केन्द्र भाजपा की सरकार बनने की पूरी संभावनाये है। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा है कि 23 मई को मोदी सरकार से देश को मुक्ति मिल जाएगी और केंद्र में गैर बीजेपी सरकार बनेगी। एग्जिट पोल के नतीजों पर उन्होंने कहा कि इस बार 2004 के लोकसभा चुनावों का इतिहास दोहराया जाएगा। देश की जनता भाजपा के शाइनिंग इंडिया के नारे की तरह एक बार फिर मोदी झूठ को भी झुठला देगी।
जनता ने पीएम मोदी पर भरपूर प्यार लुटायाःत्रिवेंद्र
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तमाम एक्जिट पोल पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार पूर्ण बहुमत के साथ सत्तारुढ़ होगी और उत्तराखंड में भी भारतीय जनता पार्टी पांचों सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में पीएम मोदी की सरकार ने गरीबों, जवानों, किसानों, महिलाओं, युवाओं के कल्याण के लिए जो कदम उठाये हैं , देश की जनता ने उस पर मुहर लगाई है। एक गरीबोन्मुखी, विकासपरक, भ्रष्टाचार रहित पारदर्शी सरकार पिछले पांच साल में देखने को मिली है। एक स्वच्छ पारदर्शी सिस्टम अस्तित्व में आया है। आज केंद्र का भेजा एक एक रुपया सीधे गरीब के खाते में आ रहा है, बिचैलियों की भूमिका खत्म की गई है। किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई गई। देश के 10 करोड़ गरीब परिवारों को निशुल्क स्वास्थ्य उपचार की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम नेतृत्व में आज देश की सेना सशक्त हुई है, कई आधुनिक हथियार सेनाओं को मिले हैं। सीमा पर जवानों के हौसले बुलंद हैं। भारत एक ग्लोबल सुपरपावर के तौर पर उभर रहा है। पीएम मोदी की कुशल डिप्लोमेसी से भारत का दुनियाभर में एक आर्थिक, सामरिक, सांस्कृतिक महाशक्ति के रूप में डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं वोट देते समय जनता के मन में ये बात अवश्य थी, इसलिए जनता ने पीएम मोदी पर अपना भरपूर प्यार लुटाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *