Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भारत ने दिखाया दम,पाक पर बरसाये बम

नई दिल्ली। भारत ने पुलवामा में हुए आतंकी हमले का बदला ले लिया है। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान (मिराज)ने मंगलवार तड़के पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े ट्रेनिंग कैंप को निशाना बनाकर एक साथ 12 मिराज से हमला किया और बड़ी संख्या में आतंकवादियों और उनके कमांडरों को मार गिराया। पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग कर रहे भारत के लोगों को देश की वायुसेना ने बड़ा तोहफा दिया। दरअसल पुलवामा हमले के बाद लगातार देश की जनता पाकिस्तान से बदला लेने की मांग कर रही थी। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारतीय सेना अपने तरीके से आतंकियों को सबक सिखाएगी। भारत ने मंगलवार तड़के पाकिस्तान के भीतर हवाई हमले कर कई आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया है। इस कार्रवाई में 300 से ज्यादा आतंकियों के ढेर होने की संभावना है। इसे भारत का दूसरा सर्जिकल स्ट्राइक कहा जा रहा है। इससे पहले 2016 में उड़ी हमले के बाद भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को करारी चोट दी थी। भारतीय वायुसेना का यह ऑपरेशन सिर्फ 21 मिनट का था। इस 21 मिनट में भारतीय 12 मिराज फाइटर ने पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में हमला किया। इस हमले में 300 से ज्यादा आतंकियों के ढेर होने की संभावना है। भारत सरकार की ओर से इस एयरस्ट्राइक को कंफर्म किया गया है। विदेश सचिव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय गोखले ने कहा कि आज सुबह बालाकोट में एयर स्ट्राइक की है जिसमें जैश के कमांडर समेत कई आतंकियों को ढेर किया गया है। यह एक असैन्य कार्रवाई थी जिसमें आतंकी संगठनों को निशाना बनाया गया है। उन्होनें कहा भारत का निशाना न तो सिविलियन थे और न ही पाकिस्तानी सेना। भारत की ओर से की गई कार्रवाई केवल आतंकियों को निशाना बनाने के लिए की गई है। भारतीय विदेश सचिव विजय गोखले ने अपने बयान में यह भी बताया कि हमला सफल रहा और इसमें आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर उस्ताद गौरी, कुछ ट्रेनर और आतंकवादी हमलों का प्रशिक्षण ले रहे कई आतंकवादी मारे गए हैं। हालांकि भारत सरकार की ओर से मारे गए लोगों की संख्या का कोई आंकड़ा जारी नहीं किया गया है। गोखले ने बताया कि 20 साल से पाकिस्तान आतंकी साजिश रच रहा था और आतंकी संगठनों पर आजतक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इससे पहले पाकिस्तान के सेना की मीडिया शाखा अंतर-सेवा जन संपर्क (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट कर भारतीय कार्रवाई को कंफर्म कर दिया। हालांकि भारत से नुकसान के दावे को खारिज कर दिया। गफूर ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय वायुसेना के विमान मुजफराबाद सेक्टर से घुसे। पाकिस्तानी वायुसेना की ओर से समय पर और प्रभावी जवाब मिलने के बाद वह जल्दीबाजी में अपने बम गिरा कर बालाकोट के करीब से बाहर निकल गए। जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ है।’’ इस हमले के बाद बॉर्डर पर चैकसी बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक बीएसएफ को भारत पाकिस्तान की सीमा पर अलर्ट रहने को कहा गया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी बीएसएफ तैनात है। भारत के द्वारा पीओके में की गई है इस कार्रवाई के बाद से ही बॉर्डर के पास के इलाकों में अलर्ट जारी है। बता दें कि बीते 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव का माहौल है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार पाकिस्तान को जवाब देने के संकेत दिए थे। वहीं भारत की ओर से पाकिस्तान से व्यापार के मोर्चे पर भी सख्ती दिखाई जा रही है।भारत ने हाल ही में मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा छिन लिया है जबकि आयात शुल्क 200 फीसदी बढ़ा दिया गया है। इसके बाद से पाकिस्तान परेशान नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *