February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सिडकुल रोड पर युवक का शव मिलने से सनसनी

रुद्रपुर। आज प्रातः सिडकुल रोड पर युवक का शव पाये जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी विद्यादत्त जोशी साथी पुलिसकर्मियो के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। शव के शरीर पर चोटों के निशान पाये जाने से आशंका व्यक्त की जा रही है कि घने कोहरे के बीच रात्रि में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। जानकारी के अनुसार आज प्रातः ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिडकुल मार्ग पर वनशक्ति मंदिर के समीप युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर चैकी प्रभारी विद्यादत्त जोशी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से शव के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। लोगों ने बताया कि मृतक युवक पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूमता देखा गया और मानसिक रूप से विक्षिप्त है। मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान पाये जाने से अंदेशा व्यक्त किया गया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। मौके पर मौजूद कोई भी मृतक की शिनाख्त नहीं कर सका। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थानाध्यक्ष जोशी ने बताया कि मृतक के संदर्भ में आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *