Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

24 घंटों में अचानक बढ़ी कोरोना मरीजों की संख्या

नई दिल्ली(उद ब्यूरो)। भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को 5 और मामले सामने आए हैं, जिसके बाद देश में अब कोरोना वायरस के 39 मामले हो गए हैं। रविवार को केरल में 5 मरीजों का सैंपल टेस्ट पाॅजिटिव पाया गया है। इसके अलावा चेन्नई में भी एक मरीज का केस पाॅजिटिव पाया गया। तमिलनाडु का यह व्यक्ति शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने कहा कि हमने आज समीक्षा बैठक की। 28 फरवरी को एक यात्री मस्कट से आया था। 4 मार्च को बुखार की शिकायत के बाद वह अस्पताल में भर्ती हुआ। बाद में जब उसका सैंपल टेस्ट किया गया तो वो पाॅजिटिव निकला। मरीज के परिवार के लोगों को निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि विदेश से आने वाले सभी यात्रियों की जांच की जा रही है। हम सरकार के सभी निर्देश का पालन कर रहे हैं। वहीं, केरल की स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के 5 नए मामले आए हैं। पांचों मरीजों का सैंपल टेस्ट पाॅजिटिव पाया गया है। उन्हें पथानामथिट्टðा के अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। पांच में तीन लोग हाल ही में इटली से लौटे थे, जिसके कारण पथानामथिट्टðा जिले में दो और लोगों को यह बीमारी हो गई। इससे पहले शनिवार को देश में कोरोना वायारस के तीन मामले सामने आए थे, जिसके बाद ये संख्या बढ़कर 34 हो गई थी। तमिलनाडु का एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। इसके अलावा ईरान से लौटे लद्दाख के दो लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। इस तरह से बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 8 नए मामले सामने आ चुके हैं। जानकारी के मुताबकि, केरल के पांचों मरीजों की हालत स्थिर है। मरीजों में दो पुरुष, एक महिला और उनके दो रिश्तेदार हैं। इससे पहले केरल से तीन केस सामने आए थे, जो ठीक हो चुके हैं। लेकिन अब 5 और नए मरीजों के सैंपल पाॅजिटिव पाए हैं। इसके बाद दिल्ली में एक केस आया, जिसकी वजह से उसके 6 जान-पहचान के लोग भी चपेट में आ गए। वहीं इटली से आए कुल 18 लोग भी कोरोना वायरस से ग्रस्त पाए गए, जिनमें से एक भारतीय और 17 इटली के नागरिक हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, गाजियाबाद, तेलंगाना, तमिलनाडु से एक-एक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज की पहचान की गई है। वहीं लद्दाख के दो लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं अब तक देश में कोरोना वायरस के आए 39 पाॅजिटिव मामलों में से तीन का इलाज हो चुका है। ऐसे में अब कोरोना वायरस के 36 मरीजों का इलाज जारी है। दरअसल, चीन के वुहान से फैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। दुनिया भर में कोरोना वायरस के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दुनिया में अब तक 90 हजार से ज्यादा कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के मामले सामने आ चुके हैं। वहीं तीन हजार से ज्यादा लोगों की कोरोना वायरस से मौत भी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *