Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चोरों ने श्मशान घाट के मंदिरों की गुल्लकें खंगालीं

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में आवास एवं प्रतिष्ठानों में चोरी की घटनाएं दिनोंदिन बढ़ती जा रही हैं। वहीं अब चोरों ने श्मशान घाट को भी नहीं बख्शा। गतरात्रि अज्ञात चोरों ने मोहल्ला शिवनगर स्थित श्मशान घाट परिसर में तीन मंदिरों की गुल्लकों को तोड़कर हजारों की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर मोहल्ले वासियों में रोष फैल गया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। बताया जाता है कि मोहल्ला शिवनगर स्थित श्मशान घाट में कुछ वर्ष पूर्व हरेंद्र ढाली सेवा करते थे। वर्तमान में उनके पुत्र लाखन ढाली व पौत्र शंकर ढाली श्मशान घाट में सेवा करते हैं और परिसर में ही बने कक्ष में रहते हैं। शंकर ने बताया कि गतरात्रि रोज की तरह वह पिता लाखन के साथ कमरे में सोया था। प्रातःकाल जब वह उठा तो कमरे के बाहर की चटकनी बंद थी। उसने आवाज देकर राह गुजरते लोगों से कमरे के बाहर की कुंडी खुलवायी। शंकर का कहना है कि जब श्मशान घाट परिसर में देखा तो परिसर में स्थित मां मनसा देवी मंदिर, मां काली मंदिर व श्री शिव मंदिर की गुल्लकें टूटी थीं। दो गुल्लकें मंदिर के पीछे पड़ी थीं जबकि मां मनसा देवी मंदिर की गुल्लक परिसर में ही खुली हुई थी। श्मशान घाट स्थित तीन मंदिरों की गुल्लकों से हजारों की नकदी चोरी की जानकारी मिलने पर वहां समाजसेवी प्रदीप यादव सहित सूरज गाइन, भीम विश्वास,अमरजीत राय, गोविंद बड़ाई आदि आ पहुंचे। सेवादार शंकर ढाली ने बताया कि अज्ञात चोर तीनों गुल्लकों से करीब 8हजार की नकदी चोरी कर ले गये हैं। शंकर ने नशेड़ी युवकों पर गुल्लकों से नकदी चोरी करने का संदेह व्यक्त किया है। मामले की तहरीर थाना पुलिस को दे दी गयी है। मोहल्लेवासियों ने पुलिस से मांग की है कि वह श्मशान घाट गेट एवं आसपास सीसी टीवी कैमरे लगवाये क्योंकि क्षेत्र में चोरी की वारदातें एवं नशे का कारोबार दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *