February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेकाबू कार ने राहगीर को रौंदा,मौत

रूद्रपुर। गत रात्रि इंदिरा चैक पर सड़क पार कर रहे राहगीर को तीव्र गति से जाती कार ने टक्कर मार कर रौंद दिया। कार चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। आस पास खड़े लोगों ने राहगीर को लहुलूहान हालत में जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसने दत तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम जाजूनगर बेहड़ी बरेली निवासी 66 वर्षीय अजय गोपाल पुत्र जमुना प्रसाद की पत्नी सुमन लता का गत दिवस किच्छा मार्ग स्थित निजी चिकित्सालय में मोतियाबिंद का आपरेशन हुआ था। गत रात्रि अजय समान लेने के लिये बाजार आया हुआ था। जब वह इंदिरा चैक से सामान लेकर वापस चिकित्सालय लौटा, पैट्रोल पम्प के समीप सड़क पार करने के दौरान तीव्र गति से जाती अनियंत्रित कार संख्या यूपी 25 ए एन 7458 ने उसे टक्कर मार दी। जिससे अजय छिटक कर दूर जा गिरा और उसके शरीर के कई अंगो पर गहरी चोट आयी। कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। शोर की आवाज सुनकर आसपास खड़े कई लोग वहां आ पहुंचे और अजय को लहुलूहान हालत में उपचार के लिये जिला चिकित्सालय पहुंचाया। कुछ देर चले उपचार के दौरान अजय ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन जिला चिकित्सालय आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। बताया जाता है कि मृतक अजय ट्रक चालक के रूप मे काम करता था। उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और परिजनों से आवश्यक जानकारी लेकर पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *