विषपान से युवक की मौत
(उद संवाददाता)। संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने विषपान कर लिया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया जहां ंउसकी मौत हो गयी। वहीं एक अन्य युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर बलभद्र तहसील ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी ऋषिपाल 25 वर्ष पुत्र बलविंदर सिंह खेती किसानी किया करता है। गत रात्रि उसने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत अत्यधिक नाजुक देख परिजनों द्वारा उसे नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया जहां आज तड़के इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक पांच भाई तथा दो बहन है। भाइयों में वह चैथे नंबर का था। उसकी मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है। उधर रामनगर रोड पर ग्राम रम्पुरा के समीप एक व्यक्ति का शव सड़क किनारे लावारिस अवस्था में पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त मोहल्ला अल्ली खां निवासी 48वर्षीय जफर हुसैन पुत्र अनवर हुसैन के रूप में की। उसकी शादी को 12वर्ष हो चुके हैं और उसका पांच माह का एक बेटा है और दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
