Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कल्याणी नदी किनारे सरकारी भूमि पर हो रहा अवैध निर्माण

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। शहर में अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि झील के पास नदी किनारे सरकारी भूमि पर बेखौफ खुलेआम अवैध निर्माण किया जा रहा है। लेकिन कोई भी इस ओर ध्यान देने के लिए तैयार नहीं हैै। जिस प्रकार से झील में लगातार अवैध निर्माण किया जा रहा है उससे आने वाले दिनों में प्रशासन को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा क्योंकि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और पूर्व में भी कई बार प्रशासन व नगर निगम झील व कल्याणी नदी क्षेत्र में अवैध निर्माण कर रह रहे लोगों को चेतावनी दे चुका हैै। लेकिन इस ओर कोई भी कठोर कार्रवाई नहीं की गयी। कल्याणी नदी पर बने पुल के नीचे नदी के पास खुलेआम अवैध रूप से पक्का निर्माण किया जा रहा है। इस मार्ग से तमाम जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी गुजरते हैं लेकिन अवैध निर्माण पर किसी की नजर नहीं पड़ी। झील व आसपास के क्षेत्र में पूर्व में ही कई पक्के निर्माण हो चुके है लेकिन प्रशासन की हीलाहवाली के चलते अतिक्रमण कारियों को बढ़ावा मिल रहा है और अब नदी के पास ही निर्माण किया जा रहा है। जून माह प्रारम्भ हो चुका है और अब बरसात का मौसम भी आने वाला है। ऐसे में जिस प्रकार से नदी किनारे अवैध निर्माण किया जा रहा है तो कभी भी कोई हादसा हो सकता है। पूर्व में भी नगर निगम व प्रशासन ने कई बार झील में किये जा रहे अवैध निर्माण को लेकर चेतावनी दी लेकिन कठोर कार्रवाई न होने से बात आगे नहीं बढ़ पायी। ऐसे में अवैध निर्माण किसकी शह पर और क्यों किया जा रहा है इसकी जानकारी नहीं मिल पायी और यह निर्माण वैध है अथवा अवैध है इसकी पुष्टि भी नहीं हो पायी लेकिन निर्माण लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *