Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बड़ी खबर-उत्तराखंड में संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 165
देहरादून/टनकपुर (उद संवाददाता)। प्रदेश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज शनिवार को 12 नये मामले आने से प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या 165 हो चुकी है। आज चम्पावत में एक साथ 7 लोगों मे कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। चंपावत में अभी तक एक भी मामला नही आया था और यह जिला ग्रीन जोन में होने के कारण अब तक सुरक्षित माना जा रहा था। वहीं देहरादून में चार और हरिद्वार जिले में आज एक नया मामला सामने आया है। पहाड़ों में जैसे जैसे प्रवासियों की आमद बढ़ती जा रही है वैसे वैसे पहाड़ी जनपदों में भी अब कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा था। ग्रीन जोन में शामिल चम्पावत जनपद में भी आज कोरोना ने दस्तक दे दी। चम्पावत के सीएमओ डाॅ.आरपी खंडूरी के अनुसार 7 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जिनको आइसोलेट किया गया है। सातों को चम्पावत जिला अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। बताया गया है कि पाॅजिटिव पाये गये सातों मरीजों के संपर्क में आये अन्य लोगों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं। उनकी ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। ये लोग जिन जिन बसों से आए थे, उन बसों में सवार सभी लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। आज चंपावत जिले में मिले कोरोना पाॅजिटिव मरीजों में तीन लोग बनबसा जबकि दो-दो लोग चंपावत और लोहाघाट के निवासी हैं। ये लोग 21 मई को मुंबई, चंडीगढ़ और गुरुग्राम से टनकपुर-बनबसा पहुंचे थे। गुरूवार को टनकपुर से 39 लोगों के सैम्पल जांच के लिए एसटीएच लैब भेजे गए थे। शुक्रवार देर रात आई रिपोर्ट में सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। प्रशासन अब संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री खंगालने में जुट गई है। वहीं देहरादून में आज चार नये मामले सामने आये हैं जबकि हरिद्वार में भी शनिवार को एक नया केस सामने आया है। हालाकि हरिद्वार में मिले मरीजों की अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है। प्रदेश में अब संक्रमितों की संख्या 165 हो चुकी है। शुक्रवार तक उत्तराखंड में कुल 153 लोग कोरोना पाॅजीटिव थे। प्रदेश में अब तक 56 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रवासियों की घर वापसी के कारण अब कोरोना की दहशत गांव गांव तक फैल चुकी है। अब कोरोना का खतरा शहरों से अधिक गांवों में मंडराने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *