August 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

वोकल फॉर लोकल : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कुम्हार के साथ घड़ा बनाकर कारीगरों का मनोबल बढ़ाया

हल्द्वानी । एमबी इंटर कॉलेज में आज ईजा-बैंणी महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें नैनीताल समेत अन्य जिलों से करीब 40 स्वयं सहायता समूहों ने पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। महोत्सव में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के लिए 713 करोड़ की 66 योजनाओं का लोकार्पण और 193 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास के लिए महिलाओं को योगदान बहुत जरुरी है। मातृ शक्ति के सहयोग से राष्ट्र का संपूर्ण विकास होगा। इस दौरान उन्होंने व्यवसाय के क्षेत्र में स्टार्ट अप कर रही महिलाओं से बात कर महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। महोत्सव में पहाड़ का मोटा अनाज यानी श्री अन्न द्वारा निर्मित स्वादिष्ट व्यंजनों का स्टॉल से प्रदर्शन किया गया। महोत्सव में पहुंचे लोगों ने झंगोरे की खीर, मंडवे की पूरी, पिंडालु, दाल के पकोड़े, गहथ के दुबके आदि का स्वाद लिया। महोत्सव में लाइव कला का प्रदर्शन कर रहे कुम्हार के साथ घड़ा बनाने में हाथ बढ़ाकर सीएम ने कारीगरों का मनोबल और मान बढ़ाया। वहीं वोकल फॉर लोकल उत्पादों को प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने कहा कि लोकल उत्पाद पहाड़ की पहचान के साथ ही राज्य की आर्थिकी में भी सहायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में उत्तराखंड के हथकरघा और हस्तकला की मांग बढ़ती जा रही है। हम राज्य की कलाओं को संरक्षण और संवर्धन के साथ ही बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर भी कार्य रहे है जिससे कलाकारों को उनके उत्पादों की विदेशों के साथ ही देश में भी उचित दाम मिल सके।
कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेयर डा. जोगेंद्र पाल रौतेला, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, मंडी अध्यक्ष डां अनिल कपूर, भीमताल विधायक राम सिंह कैंड़ा, नैनीताल विधायक सरिता आर्य सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *