Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुंबई लौटे महेंद्र सिंह धोनी: वीडियो कॉल पर कंचन ने दिखाये कार्टून ,उत्तराखंड की पंचलाइन कार्टून किरदार लाटी के बारे में भी की खूब बातचीत  

नैनीताल (उद संवाददाता)। कैप्टन कूल धोनी चार दिन के लिए उत्तराखंड प्रवास पर आए थे। यहां छुट्टियां बिताने के बाद वह अपनी पत्नी साक्षी व बेटी जीवा के साथ वापस मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर कंचन के कार्टून देखे तो उन्होंने अपने दोस्त को कंचन से बात करने को कहा। दोस्त ने भी कंचन को वीडियो कॉल कर दिया।
कंचन पहाड़ी कार्टून चित्रों और गुदगुदाती पंचलाइन से लोगों को अपनी बोली भाषा से जुड़े रहने के लिए प्रेरित कर रही हैं। वह अपने डिजिटल आर्ट के जरिये प्रवासियों को उत्तराखंड से जोड़ने का काम कर रही हैं।
लाटी किरदार से चर्चा में आईं कंचन का कार्टून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पसंद आया था। उत्तराखंड के लोकपर्व पर बनाए कार्टून को पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा भी किया था। मूल रूप से कोटद्वार निवासी कंचन अपने कार्टून से लोगों को उत्तराखंड की संस्कृति से रूबरू करा रही हैं। कंचन ने बताया बातचीत के दौरान धोनी ने कहा कि जो तुम कार्टून में पंचलाइन लिखती हो उन्हें गांव में बहुत सुनी हैं। आज भी जब कभी उत्तराखंड के किसी भी रिश्तेदार या दोस्त से बात करता हूं तो अकसर ये पंचलाइन और बातें सुनने को मिलती हैं। कहा कि बदलते समय के साथ अब ऐसा नहीं होता। ऐसे में इन कार्टून ने एक बार फिर उन दिनों की याद दिला दी।
कंचन ने बताया धोनी ने करीब 12 मिनट तक उनसे व उनके परिवार से बात की। इस बीच उन्होंने उनके कार्टून किरदार लाटी के बारे में भी खूब बात की। ऑनलाइन ही कंचन ने उन्हें अपने बनाए कार्टून दिखा दिए। इसके बाद धोनी ने कंचन को अपना दिल्ली वाले आवास का पता बता दिया और कहा इस पते पर इन कार्टून किरदार को पार्सल करा दो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *