Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस भवन में हरदा से मिले पूर्व भाजपा विधायक ठुकराल, सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म

रूद्रपुर। पूर्व भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल के कांग्रेस में जाने की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गयी है। मंगलवार को उन्होंने देहरादून कांग्रेस भवन में पूर्व सीएम हरीश रावत से मुलाकात की। जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस भवन में कार के अंदर बैठे हरदा से मुलाकत करते हुए ठुकराल का एक वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है। बता दें दो बार रूद्रपुर से विधायक रह चुके पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को एक साल पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा था। भाजपा से टिकट कटने के बाद ठुकराल ने बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ा था। विधानसभा चुनाव के बाद से ही ठुकराल के कांग्रेस में जाने की चर्चाएं रह रह कर सियासी हलकों में तैरती रही हैं। इन चर्चाओं को आज एक बार उस समय बल मिल गया जब पूर्व विधायक ठुकराल ने देहरादून कांग्रेस भवन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से मुलाकात की। बताया जाता है कि इस दौरान हरीश रावत और ठुकराल के बीच काफी देर तक सियासी मुद्दों को लेकर चर्चा हुयी। ठुकराल और रावत की इस मुलाकात के बाद सियासी हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालाकि पूर्व विधायक ठुकराल ने इसे एक शिष्टाचार मुलाकात बताया है। दूरभाष पर ठुकराल से जब इस मुलाकात के सम्बंध में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वह किसी काम से देहरादून आये है, इसी दौरान कांग्रेस भवन से गुजरते समय पूर्व सीएम हरीश रावत से भेंट हो गयी। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे का हाल जाना। ठुुकराल ने कहा कि फिलहाल कांग्रेस में जाने का अभी कोई प्लान नहीं है। ठुकराल के कांग्रेस में जाने की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *