Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लारेंस विश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो दबोचे

हरिद्वार। गैंगस्टर लारेंस विश्नोई के नाम से प्रतिष्ठित लोगों से रंगदारी मांगने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी अजय सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि हार्डवेयर व्यापारी संतोष महेश्वरी को किसी अंजान शख्स ने गैंगस्टर के नाम से धमकाकर रंगदारी की मांग की थी। शिकायत पर दिनांक 9 मार्च 2023 को कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर विवेचना चल ही रही थी कि पुनः उक्त व्यापारी को 2 जून को नए नम्बर से टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से पुनः धमकी मिली। ऐसे ही कॉल कर धमकी के संबंध में दो व्यापारियों द्वारा जनपद देहरादून के रायवाला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इन दो व्यापारियों को भी ने नम्बर से टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से पुनः धमकी मिली। जिस पर मामले के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया। गठित स्पेशल टीम ने फोन कॉल/ मैसेज करने के लिए प्रयोग किए गए मोबाइल नंबर की सीडीआर का गहनता से अवलोकन कर इलेक्ट्रॉनिकली अन्य कई बातों का ध्यान रखते हुए साथ ही साथ फील्ड में अपने मुखबिरों का जाल बिछाकर वीरेंद्र उर्फ छोटा सुनार पुत्र कैलाश चंद निवासी हरिपुर कला रायवाला, गोविंद बाबा पुत्र महाकाल गिरी निवासी हिल बाईपास खड़खड़ी को हिरासत में लेकर धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया। विवेचना के दौरान पता चला है कि अभियुक्त वीरेंद्र उर्फ छोटा सुनार विलासपुर छत्तीसगढ़ स्थित अंग्रेजी माध्यम के स्कूल से पढ़ाई के दौरान छठवीं कक्षा में भागकर हरिद्वार आ गया था। इस दौरान घाटों पर गोताखोरी करने लगा। गंगा में गोताखोरों को मिले स्वर्ण अथवा चांदी के आभूषण आदि को तुरंत खरीदकर आगे बेचने के उसके काम के कारण उसका नाम छोटा सुनार पड़ा। जबकि गोविंद बाबा निर्धन निकेतन विद्यालय से दसवीं फेल होकर अस्थाई चाय की दुकान चलाता था। दोंनों अक्सर एक साथ शराब पी थे। इसी दौरान दोनों अभियुक्तों ने रंगदारी मांगने का प्लान तैयार किया। थोक विक्रेता के पास मोटी रकम आने की जानकारी होने पर अभियुक्तों ने फिरौती में ज्यादा पैसा हासिल करने के लिए पहले हरिद्वार निवासी हार्डवेयर व्यापारी की दुकान के बोर्ड से उसका नम्बर लिया और रायवाला निवासी व्यापारियों के दुकान के बोर्ड पर नम्बर अंकित न होने पर उनके द्वारा संचालित स्कूल से नम्बर प्राप्त कर तीनों नम्बरों पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर चौथ मांगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *