गौशाला पर गिरा विशालकाय पेड़,चार मवेशियों की मौत
हल्द्वानी । आज तड़के मौसम ने अचानक करवट ली जिसके बाद तेज तूफान और बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। तूफान के चलते जहां कई जगह पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है तो वही लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता में एक विशालकाय पेड़ के गौ शाला पर गिरने से एक गाय सहित तीन बकरियों की मौत हो गई। बताया जा रहा कि गुरुवार सुबह सुबह तेज आंधी के चलते बिंदुखत्ता के रावत नगर प्रथम में एक किसान की गौशाला के ऊपर पेड़ गिर जाने से 4 जानवर मौत के मुंह में समा गए हैं। गौशाला गरीब किसान हरीश राम पुत्र मोहन राम की है।. घटना में एक दुधारू गाय व तीन बकरिया पेड़ के नीचे दबकर मर गई। जबकि कई अन्य जानवरों को बचा लिया गया है।जानवर के मौत के बाद गरीब किसान ने मुआवजे की मांग की है। किसान हरिराम का कहना है कि पशुपालन ही परिवार के भरण पोषण के लिए उसका मुख्य जरिया है। तूफान के चलते घर के पास विशाल काय पेड़ कच्चे गौशाला पर जा गिरा। घटना के बाद तत्काल कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग की है। पेड़ गिरने से गौशाला को भी भारी नुकसान पहुंचा है। गौरतलब है कि गुरुवार देर सुबह आई आंधी तूफान और बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। नगर की विद्युत आपूर्ति कई घंटो तक बाधित रही।


