Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जीप खाई में गिरने से छह नेपाली मजदूरों की मौत

झूलाघाट/पिथौरागढ़ । झूलाघाट में विषुपति का पर्व मनाने भारत से अपने घर नेपाल वापस लौट रहे 6 नेपाली नागरिकों की जीप दुर्घटना में मौत हो गई। पांच लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। भारतीय सीमा से लगे झुलाघाट से बझाग जा रही जीप मंगलवार की रात लगभग 11ः30 बजे झौलेक मोड़ के पास गहरी खाई में जा गिरी। जिला पुलिस कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता पुलिस निरीक्षक योगेश खत्री ने बताया कि 500 मीटर नीचे खाई में गिरी जीप में सवार केदारस्यू गांव पालिका के 60 वर्षीय मनी बोरा, 42 वर्षीय नरे बोहरा, 35 वर्षीय गोरख बोरा, 45 वर्षीय मान बहादुर धामी, 45 वर्षीय बिरख धामी और 45 वर्षीय बुरे धामी की मौत हो गई। ड्राइवर का पता नहीं लग सका है। उन्होंने बताया कि यह सभी लोग भारत में मजदूरी करते थे और विषुपति का पर्व मनाने के लिए घर लौट रहे थे। सभी लोग एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। बुधवार सुबह से खाई में पड़े शवों को निकालने का काम शुरू हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *