Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों ने बांटी थी जहरीली शराब, सात ग्रामीणों की मौत

हरिद्वार।पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ और शिवगढ़ में चुनाव की जहरीली शराब पीने से सात ग्रामीणों की मौत हो गई। जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गयी। पुलिस टीमों ने ग्रामीणों को जहरीली शराब पिलाने वाले प्रत्याशियों के घर और ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इन दिनों पंचायत चुनाव की सरगर्मी चल रही हैं और प्रत्याशी मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए उनकी पसंद के मुताबिक कच्ची,देसी और अंग्रेजी शराब पिला रहे हैं।पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ और खुलगढ़ में प्रत्याशियों की कच्ची जहरीली शराब पीने से सात ग्रामीणों की मौत हो गई, इनमें पांच ग्रामीणों की मौत अपने घर पर हुई। जबकि दो ग्रामीणों ने जौलीग्रांट के हिमालयन अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इनमें एक ग्रामीण की मौत शुक्रवार को हो गई थी। मृतकों में 60 वर्षीय बिरम पुत्र बलजीत सिंह ,40 वर्षीय अरुण पुत्र चंद्रभान , 45 वर्षीय राजू पुत्र सेवाराम, 36 वर्षीय अमरपाल पुत्र गोपाल ,32 वर्षीय मनोज पुत्र धर्मवीर,32 वर्षीय किशन पुत्र राजेंद्र कुमार,60 वर्षीय तेजू पुत्र राम सिंह आदि शामिल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और पुलिस टीम को धरपकड़ के निर्देश दिए। जिसके बाद आसपास के थानों की पुलिस टीमें भी गांव में बुला ली गई और प्रत्याशियों के घरों व ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। प्रत्याशी घरों से फरार बताए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जहरीली शराब कहां बनी, कहां से लाई गई थी और किसने बांटी, इन सारे बिंदुओं पर छानबीन करते हुए आरोपितों की धरपकड़ के प्रयास चल रहे हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह शराब और किस-किस गांव में भेजी गई है। ताकि उसे जब्त कर समय रहते हैं बाकी ग्रामीणों की जान बचाई जा सके। बता दें हरिद्वार जिले के देहात में कच्ची शराब बनाने और तस्करी करने का धंधा बड़े पैमाने पर होता है। दो साल पहले भगवानपुर और झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों में जहरीली शराब पीने से 50 से ज्यादा ग्रामीणों की मौत हो गई थी। इसी शराब से सहारनपुर जिले में भी 30 से ज्यादा ग्रामीण अकाल मौत का शिकार हो गए थे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *