February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दहेज उत्पीड़न की शिकार विवाहिता ने खा लिया जहर

काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र में आज सुबह दहेज उत्पीड़न की शिकार विवाहिता ने जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक परिजनों द्वारा मामले की तहरीर पुलिस को देने की तैयारी चल रही है। घटना संज्ञान में आने के बाद अप्पर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार पीएम हाउस पहुंच गए। उन्होंने मृतक परिजनों को ढांढस बंधाया। जानकारी के मुताबिक ग्राम बेंतवाला थाना कुंडा निवासी जोगा सिंह ने अपनी 29 वर्षीय पुत्री रश्मि का विवाह वर्ष 2018 की 20 फरवरी को ग्राम नादेही निवासी राजीव नामक युवक के साथ धूमधाम से किया। बताते हैं कि शादी के कुछ दिन ठीक-ठाक बीते लेकिन इसके बाद लोभी ससुरालियों ने दहेज में कार व नगदी के खातिर विवाहिता का उत्पीड़न शुरू कर दिया। इस बीच कई बार गणमान्य लोगों के बीच समझौते का भी प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी फल स्वरूप विवाहिता महज एक वर्ष ही ससुराल में रह पाई। इसके बाद वह मायके मे आकर रहने लगी। पीड़िता द्वारा मामले की तहरीर महिला हेल्पलाइन में देने के बाद लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व दहेज उत्पीड़न का यह मामला फैमिली कोर्ट चला गया। रश्मि के पिता जोगा सिंह का कहना है कि उसकी बेटी जब भी तारीख पर जाया करती थी मार्ग में राजीव गाली गलौज करते हुए मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाता रहा। हालिया घटनाक्रम के बारे में मृतका के पिता ने बताया कि गत गुरुवार को जब पुत्री रश्मि किला बाजार से होकर कोचिंग के लिए जा रही थी पति राजीव ने सरेराह रास्ता रोककर पत्नी को एक बार फिर से केस वापस न लेने के एवज में जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह रात भर गुमसुम रही। आज सुबह लगभग 7ः30 बजे रोजाना की झंझटों से आजिज दहेज उत्पीड़न की शिकार विवाहिता ने जहर गटक लिया। परिजनों को जैसे ही इसका पता चला वह विवाहिता को तत्काल उपचार के लिए मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले आए जहां इलाज के कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका के कोई बच्चा नहीं था। मृतका के पिता ने विवाहिता की मौत का जिम्मेदार उसके पति राजीव समेत सास-ससुर व देवर को ठहराते हुए संबंधित थाना पुलिस को मामले की तहरीर देने की तैयारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *