February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

वीडियो बना रहे थे साथी : 15 घंटे बाद गोताखोरों ने बरामद किया युवक का शव

अल्मोड़ा। नदी में कूदने का वीडियो बनाने के चक्कर एक युवक की डूबने से मौत हो गयी। करीब 15 घंटे के बाद गोताखोरों ने युवक का शव बरामद किया है। विकासखंड के बख्तल कुलसीवी गांव के कुछ युवक गुरुवार को पांडवखोली घूमने गए थे। वापसी में बगवालीपोखर में खरेठीगाव में नहाने के लिए रुक गए। 27 वर्षीय कुंदन सिंह पुत्र भूपाल सिंह अपने एक दोस्त के साथ नदी के तेज बहाव की ओर बढ़े। झरनानुमा क्षेत्र में पहुंच कर कुंदन के दोस्त ने छलांग लगाई फिर तैरकर गहरे से कुछ दूर निकल गया। सामने से अन्य साथी वीडियो बना रहे थे। तभी कुंदन जलप्रपात के ठीक नीचे वहां कूद गया जहां भंवर था और पत्थर भी थे। एक पल के लिए वह ऊपर आया लेकिन तैरने के बजाय असहाय डूबता गया। शाम करीब सात बजे गगास में युवक के डूबने की खबर फैली तो एसओ अजयलाल साह विभागीय गोताखोरों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। देर शाम तक कुंदन का पता नहीं लग सका। एसडीएम आरके पांडे भी पहुंचे। रात्रि करीब साढ़े नौ बजे अल्मोड़ा से फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ के गोताखोर पहुंचे। गहरे में तलाश तेज की गई। एक किमा दूर तक सर्च अभियान चला। नदी का जलस्तर कम करने के लिए चैकडैम तोड़ा गया। फिर भी सफलता न मिलने पर मध्यरात्रि बाद एक बजे तलाश बंद कर दी गई। शुक्रवार सुबह दोबारा सर्च अभियान शुरू हुआ। एक और चैकडैम तोड़ने पर नदी में पानी कम हुआ तो सवा आठ बजे तल पर पत्थरों के बीच कुंदन का शव बरामद कर लिया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *