Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बड़ी खबर…कारोना से संक्रमित उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की तबियत बिगड़ी,चिकित्सकों ने दिल्ली रेफर किया

देहरादून(दर्पण ब्यूरो)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बेहतर उपचार के लिए दिल्ली एम्स रवाना होंगे।जांच में सीएम के फेफड़ों में हल्का इंफेक्शन पाया गया है जिसके बाद उन्हें एहतियातन भर्ती किया गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने सीएम के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है।बता दें कि सीएम के अलावा उनकी पत्नी सुनीता रावत व बेटी कृति रावत भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। सीएम के मीडिया कोऑरडिनेटर दर्शन सिंह रावत ने बताया कि उन दोनों का स्वास्थ एकदम ठीक है और वह होम आइसोलेशन में हैं। सीएम को भी एहतियातन भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक दर्शन सिंह रावत के मुताबिक डॉक्टरों की सलाह पर जांच के लिए सीएम रावत को दिल्ली ले जाया जा रहा है। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले सीएम की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। मुख्यमंत्री के फिजिशियन डॉ. एनएस बिष्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का स्वास्थ्य ठीक है। उन्हें रात में बुखार आया था। उनके फेफड़ों में हल्का संक्रमण है। एम्स दिल्ली के चिकित्सकों से परामर्श किया गया। उनकी सलाह पर जरूरी परीक्षण के लिये मुख्यमंत्री एम्स दिल्ली जा रहे हैं। गौरतलब है कि 18 दिसंबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उनकी पत्नी और बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। तभी से वह होम आइसोलेशन में थे। सीएम की तबियत बिगड़ने की खबर के बाद प्रदेशवासियों के साथ ही वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री की दीर्घायु की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के कोरोना संक्रमित होने की सूचना पर चिंता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर संदेश साथा किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक जीवन के व्यक्ति के ऊपर जिम्मेदारियों का इतना बोझ होता है, कभी-कभी अपनी बीमारी आदि की परवाह किये बिना भी उनको काम करना पड़ता है। मुख्यमंत्री जी कोरोना संक्रमित हैं, उसके बावजूद वो चाहे वर्चुअल तरीके से ही हों, विधानसभा की कार्यवाही के संचालन में उन्होंने सक्रिय रुप में भाग लिया है। मैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *