Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गर्भवती को लेने जा रही आशा कार्यकत्री की मौत

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। मध्य रात्रि पंतनगर क्षेत्र में गर्भवती महिला को लेने जा रही आशा कार्यकत्री की मार्ग में अचानक तबीयत तेजी से बिगड़ गयी। आनन फानन में उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं प्रातः मामले की जानकारी मिलने पर आशा कार्यकत्रियों के साथ स्वास्थ्य महकमे में शोक की लहर व्याप्त हो गयी। जानकारी के अनुसार बेनी कालोनी पंतनगर निवासी 50वर्षीय बबिता पत्नी विमल प्रकाश पिछले करीब दस वर्षों से आशा कार्यकत्री के रूप में कार्य कर रही थी और पंतनगर स्थित राजकीय चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण व आवश्यक दवाएं वितरित करती थी। बताया जाता है कि गत दिवस भी उसने प्रातः से सायंकाल तक अपनी ड्यूटी की। रात्रि परिवार के साथ खाना खाकर सो गयी। मध्यरात्रि पंतनगर क्षेत्र के संजय कालोनी निवासी सतेंद्र उनके पास पहुंचे और बताया कि उनकी पत्नी ज्ञानती को प्रसव पीड़ा हो रही है। इसलिए अभी उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाना है। सतेंद्र की बात सुनकर आशा कार्यकत्री बबिता उसके साथ दोपहिया वाहन पर सवार होकर उसके घर रवाना हुई। जब ज्ञानती को प्रसव के लिए चिकित्सालय लाया जा रहा था मार्ग में अचानक बबिता की तबीयत तेजी से बिगड़ गयी। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोेषित कर दिया। बबिता की मौत की जानकारी मिलने पर पति विमल प्रकाश, पुत्र प्रदीप व मोहन भी जिला चिकित्सालय आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। प्रातः घटना की जानकारी मिलने पर जनपद की कई आशा कार्यकत्रियां व चिकित्साकर्मी जिला चिकित्सालय पहुंचे और बबिता की आकस्मिक मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पश्चात ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतका के पति विमल पंत विवि में ठेके का काम करते हैं वहीं पुत्र भी विश्वविद्यालय के ही कार्य में लगा है जबकि मोहन एमकाम फाइनल की पढ़ाई कर रहा है। मृतका की दो पुत्रियां शैलेंद्री व प्रियंका का विवाह हो चुका है। पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर परिजनों से आवश्यक जानकारी ली और शव का पंचनामा भरा। उधर मृतका बबिता जिस गर्भवती महिला ज्ञानती को जिला चिकित्सालय प्रसव के लिए लेकर आ रही थी आज प्रातः ज्ञानती ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। महिला चिकित्सकों ने बताया कि ज्ञानती व शिशु पूरी तरह स्वस्थ हैं। इधर ज्ञानती ने भी आशा कार्यकत्री बबिता के आकस्मिक निधन पर दुःख व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *