Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धारदार हथियार से युवक की हत्या

काशीपुर(उद संवाददाता)। धारदार हथियार से गला रेतकर युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। उसका शव आज सुबह ढेला नदी के करीब धान के खेत में लावारिस पड़ा पाया गया। पुलिस को जैसे ही वारदात की भनक लगी तो अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्टð, उप जिलाधिकारी सुंदर सिंह तोमर, क्षेत्रधिकारी मनोज कुमार ठाकुर, कोतवाल चंद्रमोहन फोर्स लेकर तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर जरूरी जानकारी जुटाने के बाद मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक हत्या के कारणों का सही पता नहीं चल सका है। चर्चा है कि नशे के कारोबार को लेकर वर्चस्व की लड़ाई में युवक की हत्या की गयी। जानकारी के मुताबिक इमली चैक मोहल्ला अल्ली खां निवासी राशिम सलमानी 32 वर्ष पुत्र मोहम्मद अनीस कि थाना साबिक रोड पर सैलून की दुकान है। यह दुकान उसने लगभग 2 माह पूर्व खोली। बताया गया कि गत सायं वह मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटा। इस दौरान परिजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने देर रात तक तमाम संभावित स्थानों पर तलाश की लेकिन राशिम का कहीं कोई पता नहीं चला। आज तड़के उसका शव साहू ढेला नदी के समीप स्थित एक धान के खेत में लावारिस पड़ा पाया गया। मृतक की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या की गई। पुलिस को जांच के दौरान उसके हाथ पैर में भी चोट के निशान मिले। प्रतीत होता है कि उसने मृत्यु से पूर्व बचाव में संघर्ष किया होगा। घटनास्थल के पास से पुलिस को कुछ भी बरामद नहीं हो सका। मृतक की मोटरसाइकिल घटना से लगभग 1 किलोमीटर दूर रहमत शाह बाबा की गली के पास मिली। क्षेत्र में चर्चा है कि नशे के कारोबार के वर्चस्व में युवक मौत के घाट उतारा गया। मृतक की दो पुत्रियां हैं। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *