August 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

काशीपुर(उद संवाददाता)। व्हाट्सएप में किए गए धमकी भरे मैसेज को लेकर आधी रात हथियारों से लैस कार सवार बदमाशों ने रिश्ते के भाइयों को गोली मार दी। घायलों को लहूलुहान हालत में राजकीय चिकित्सालय से ढेला पुल के समीप स्थित एक निजी अस्पताल  ले जाया गया। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। आईटीआई थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गिन्नी खेड़ा निवासी मनदीप सिंह 30 वर्ष पुत्र अमरीक सिंह किसान है। पिछले कुछ दिनों से ग्राम छोई रामनगर निवासी एक युवक से उसकी किसी बात को लेकर तनातनी चल रही है। पूर्व में कभी दोनों दोस्त हुआ करते थे। गतरात्रि व्हाट्सएप पर छोई निवासी युवक ने मनदीप को मैसेज में स्टेडियम तिराहे पर बुलाकर उसे देख लेने की धमकी दी। आधी रात को मनदीप मोटरसाइकिल पर सवार होकर रिश्ते के भाई हरजीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी उपरोत्तफ के साथ जब स्टेडियम तिराहे  पर पहुंचा तो कार सवार हरमन ने पिस्टल से दोनों भाइयों पर फायर झोंक उन्हें गंभीर रूप से लहूलुहान कर दिया। गोली मनजीत के बाएं पैर को चीरती हुई चली गई जबकि हरजीत को दाहिने पैर में गोली लगी। घटना अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।  घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस बूथ है। घटना के बाद जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली उसने घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां से दोनों को एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गयी है। बताया जाता है कि फायरिंग के आरोपी पर पीरूमदारा चैकी में रेप का मामला भी दर्ज हुआ था और मुजफ्फरनगर में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *