हादसे में एक की मौत, दो घायल
काशीपुर (उद सवांददाता)। अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर पुलिया पर बैठे एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश छा गया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलने परएसडीएम हिमांशु खुराना, सीओ मनोज कुमार ठाकुर, आईटीआई थानाध्यक्ष कुलदीप अधिकारी समेत आसपास थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुला ली और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार वार्ड 2 ग्राम हरपुरा निवासी धर्मवीर 40 वर्ष पुत्र ओम प्रकाश एक आरा मशीन पर मजदूरी करता है। आज सुबह भी गांव के कुछ लोगों के साथ वह टहलने के बाद वापस गांव की पुलिया पर बैठ गया। इसी दौरान आज प्रातः अज्ञात ट्रक चालक ने पुलिया पर बैठे लोगों को चपेट में ले लिया। जिसमें धरमवीर, उसके साथ बैठा 41वर्षीय ऋषिपाल पुत्र दौलतराम और 60वर्षीय अमर सिंह पुत्र टीकाराम घायल हो गये। इस हादसे में धरमवीर की मौके पर ही मौत् हो गयी जबकि घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। इस हादसे की जानकारी मिलते ही तमाम ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गये और उनमें आक्रोश छा गया। ।ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शान्त कराया। मृतक की पांच पुत्रियां और एक पुत्र है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
