Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मॉर्निंग वाक पर निकले पंत विवि कर्मी की मौत

रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। आज प्रातः पंतनगर विश्वविद्यालयकर्मी की प्रातःकालीन भ्रमण के दौरान मामूली रूप से घायल हो जाने के पश्चात चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी। मृतक कर्मी कल 30जून को सेवानिवृत होने वाले थे। उनके निधन से पंत विवि परिसर में शोक की लहर व्याप्त हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर परिजनों से आवश्यक जानकारी ली और शव कब्जे में लिया। जानकारी के अनुसार टा कालोनी पंतनगर निवासी 59वर्षीय चंदन सिंह बिष्ट पुत्र लालसिंह पंत विवि में निर्माण एवं सामान्य खण्ड में सुपरवाइजर पद पर तैनात थे और उन्हें कल 30जून को सेवानिवृत होना था। बताया जाता है कि चंदन सिंह आज प्रातः रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकले। मार्ग में असंतुलित होकर गिर जाने से उनके पैर में गंभीर चोट आ गयी। परिजन उन्हें उपचार के लिए यहां नगर के निजी चिकित्सालय ले गये जहां पैर के एक्स-रे के दौरान उनकी हालत अचानक तेजी से बिगड़ गयी। परिजन उन्हें उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंदन की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया वहीं विश्वविद्यालय परिसर में भी शोक की लहर व्याप्त हो गयी। मृतक चंदन बिष्ट की दो पुत्रियां व एक पुत्र है जिनमें एक पुत्री का विवाह हो चुका है जबकि पुत्र सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी जिला चिकित्सालय पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *