February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रिकॉल फैक्ट्री में डकैतों का धावा,सुरक्षागार्डों को बनाया बंधक

रुद्रपुर,20 दिसम्बर। गतरात्रि सिडकुल सेक्टर 11 स्थित प्रिकॉलफैक्ट्री में करीब आधा दर्जन हथियारबंद डकैतों ने धावा बोल दिया। डकैतों ने फैक्ट्री में मौजूद तीन सुरक्षाकर्मियाें को बंधक बना लिया और उनसे तमंचे की नोंक पर जबरन स्टोर एवं मुख्य गेट की चाबी हथियानी चाही। इसी दौरान आसपास के लोगों के आ जाने से डकैत धमकी देते हुए मौके से भागने में कामयाब हो गये। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की विस्तार से जानकारी ली साथ ही क्षेत्र में कई घंटे तक काम्बिंग भी की। घटना की रपट दर्ज करा दी गयी है। ग्राम खटोला दिनेशपुर निवासी खडक सिंह कार्की पुत्र आन सिंह ने बताया कि वह गोल्डन ईगल सिक्योरिटी खटोला में कार्यरत है। गतरात्रि सिडकुल स्थित प्लाट 7 सेक्टर 11 की प्रिकाल कम्पनी में पिछले रास्ते से करीब आधा दर्जन हथियारबंद डकैत दीवार फांदकर भीतर आ घुसे और उन्होंने वहां मौजूद तीन सुरक्षाकर्मियों प्रकाश ऐठानी, मनोज कुमार व नेत्रसिंह को तमंचे की नोक पर बंधक बना लिया और उन्हें कमरे में ले गये जहां तमंचे की नोंक पर डकैतों ने सुरक्षाकर्मियों से स्टोर रूम की चाबी के साथ ही मेन गेट की चाबी मांगी। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों के वहां आ जाने से डकैतों ने दो सुरक्षाकर्मियों प्रकाश ऐठानी व मनोज के मोबाइल छीनकर उन्हें दूर फेंक दिया जबकि मनोज का मोबाइल उन्होंने झपट लिया। साथ ही धमकी देते हुए मौके से फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचेऔर उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से घटना की विस्तार से जानकारी ली और फरार डकैतों को दबोचने के लिए काफी देर तक क्षेत्र में काम्बिंग भी की लेकिन डकैत पुलिस के हाथ नहीं चढ़ सके। खडक कार्की की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *