August 17, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हादसाें में दो सगे भाईयों समेत तीन मरे

काशीपुर। अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में दो भाईयों समेत एक सिक्योरिटी कर्मी की मौत हो गयी। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने एक वाहन को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। जानकारी के अनुसार ग्राम फिरोजपुर भगतपुर जनपद मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी 20वर्षीय रामअवतार अपने छोटे भाई 15वर्षीय चिराग के साथ बाइक पर सवार होकर ग्राम बड़ी बरखेड़ी अपनी बहन परमजीत कौर के घर आया था। गत सायं दोनों भाई बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे कि तभी बाजपुर रोड परमानंदपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी जिसकी चपेट में आकर दोनों भाईयों की मौत हो गयी। रामअवतार ग्राम प्रधान था। सड़क हादसे के बाद वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली लेकिन तब तक वाहन चालक फरार हो चुका था। उधर एक अन्य सड़क हादसे में अनियंत्रित डम्पर चालक ने बाइक से आफिस जा रहे एक सिक्योरिटी कम्पनी में तैनात एरिया इंस्पेक्टर को टक्कर मार दी जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को मय वाहन के हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार जनपद धनबाद बिहार निवासी 44वर्षीय दिनेश मिस्त्री पुत्र रूपम एक सिक्योरिटी कम्पनी में बतौर एरिया इंस्पेक्टर तैनात था। आज प्रातः वह बाइक पर सवार होकर मुरादाबाद रोड स्थित पेपर मिल में सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाने आया था। ड्यूटी लगाने के बाद वह बाइक पर कहीं जा रहा था कि हाईवे से होकर गुजर रहे डमपर संख्या यूपी-21बीएन/6249 के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे एरिया इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डम्पर चालक को मय वाहन हिरासत में ले लिया। सूर्या चौकी प्रभारी नरेश पाल ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं एक अन्य सड़क हा दसे में बाइक सवार दुकानदार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम परमानंदपुर निवासी 30वर्षीय आरिफ अली पुत्र शफीक शाह आज बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था इसी दौरान एक कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें वह घायल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *