प्रदेश में आपदा की स्थिति गंभीर : कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की भूमि घोटाले की शिकायत
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में एक 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर आपदा की स्थिति पर विस्तार से बातचीत की और राज्य की जनता को सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में उन्हें अवगत कराया। इस दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट भूमि घोटाले और बैरागी कैंप हरिद्वार में संभावित भूमि घोटाले को लेकर राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व विधायक श्री मनोज रावत, पूर्व महानगर अध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री सुरेंद्र कुमार, मुख्य प्रवक्ता श्रीमती गरिमा दसौनी, कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह, उत्तराखंड कांग्रेस के कामगार संगठन के अध्यक्ष श्री सुशील राठी और कांग्रेस नेत्री श्रीमती गोदावरी थापली भी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से यह आग्रह किया कि इन भूमि घोटालों की गहन जांच हो और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि जनता के अधिकारों की रक्षा की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में आपदा की स्थिति गंभीर है और सरकार को इस पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए। राज्यपाल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के ज्ञापन को गंभीरता से लिया और इस मुद्दे पर जांच करवाने का आश्वासन दिया।
