Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तीन मेडिकल स्टोरों पर पाई गईं अनियमितताएं,बनभूलपुरा में मेडिकल स्टोर सील

हल्द्वानी। अनियंत्रित दवा बिक्री के खिलाफ कुमाऊँ पुलिस और औषधि नियंत्रक विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बनभूलपुरा, हल्द्वानी में एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के अंतर्गत चलाई जा रही इस मुहिम में बुधवार को औषधि नियंत्रक विभाग, SOTF कुमाऊँ और अन्य विभागों की टीम ने पांच मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया।निरीक्षण में तीन मेडिकल स्टोरों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, एक मेडिकल स्टोर का क्रय-विक्रय रोककर उसे मौके पर ही बंद करा दिया गया। इस दौरान केजीएन मेडिकल स्टोर, बनभूलपुरा में ट्रामाडोल के 947 कैप्सूल बरामद किए गए। स्टोर स्वामी मोहम्मद आसिम से बार-बार पूछने पर भी खरीद-बिक्री से संबंधित कोई दस्तावेज या बिल प्रस्तुत नहीं किया गया।औषधि नियंत्रक विभाग ने फर्म का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति कर दी है और एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। मौके पर ही मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया।इस कार्रवाई में औषधि नियंत्रक विभाग की वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल गहतोडी, शुभम कोटनाला और निधि शर्मा के साथ तहसीलदार हल्द्वानी मनीषा बिष्ट, SOTF कुमाऊँ के उपनिरीक्षक पूरन मर्तोलियो, हेड कांस्टेबल मुजफ्फर अली व पंकज कंडारी और थाना बनभूलपुरा पुलिस से उपनिरीक्षक मनोज यादव व कांस्टेबल दिलशाद शामिल रहे। कुमाऊँ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे का कारोबार और अवैध दवाओं की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” के विज़न को साकार करने की दिशा में एक और ठोस कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *