नई प्रदेश कार्यकारिणी में गुंजन बने भाजपा प्रदेश मंत्री,कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
रुद्रपुर(उद संवाददाता)।भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी में गदरपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता गुंजन सुखीजा को प्रदेश मंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी संगठन में यह दायित्व मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करीबी माने जाने वाले गुंजन सुखीजा को संगठन की मजबूत नींव और पार्टी के प्रति वर्षों से दिखाई गई निष्ठा के फलस्वरूप यह पदभार सौंपा गया है। सुखीजा पूर्व में भाजपा के जिलाध्यक्ष के रूप में भी उल्लेखनीय कार्य कर चुके हैं। विधानसभा, लोकसभा, नगर निकाय और पंचायत चुनावों में उनकी रणनीति और जमीनी पकड़ ने पार्टी प्रत्याशियों की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। गुंजन सुखीजा की छवि एक जमीनी, मिलनसार और कुशल रणनीतिकार नेता की रही है। वे लंबे समय से पार्टी में विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते आए हैं। उनके कार्यकाल के दौरान जिले में भाजपा संगठन ने उल्लेखनीय मजबूती पाई है। प्रदेश टीम में उनकी नियुक्ति को कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सच्चे सिपाही को मिला सम्मान करार दिया है। प्रदेश मंत्री बनाए जाने के बाद गुंजन सुखीजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, मैं उसके लिए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टठ्ठ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता होने के नाते मैंने सदैव निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन में कार्य किया है। अब जब मुझे प्रदेश मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी मिली है, तो मैं अपनी पूरी ऊर्जा और अनुभव को संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए समर्पित करूंगा। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है और यहां कार्यकर्ताओं का मूल्यांकन उनके समर्पण, अनुशासन और कार्य के आधार पर होता है। मुझे गर्व है कि मैं उस संगठन का हिस्सा हूं, जो पारदर्शिता, राष्ट्रवाद और सेवा भावना के मूल मंत्र पर कार्य करता है। आने वाले समय में मेरा प्रयास रहेगा कि प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हम संगठन को ग्राम पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक सशक्त बनाएं। विशेष रूप से 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पूरी ताकत पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में लगाई जायेगी।
भाजपा प्रदेश मंत्री बनने पर गुंजन का जोरदार स्वागत
गदरपुर। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा को प्रदेश मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही उनके निवास एवं कार्यालय पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया ।गदरपुर समेत पूरे काशीपुर जिले और राज्य के अन्य हिस्सों से पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक उन्हें फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दे रहे हैं। बता दें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टठ्ठ ने प्रदेश कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया, जिसमें मिशन 2027 को ध्यान में रखते हुए कई युवा और अनुभवी चेहरों को शामिल किया गया है। इसी क्रम में गुंजन सुखीजा को भी प्रदेश मंत्री का दायित्व दिया गया है। सुखीजा, जो इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में पार्टी को मजबूती देने का काम कर चुके हैं, अब प्रदेश स्तर पर अपनी भूमिका निभाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सुखीजा की नई नियुक्ति का स्वागत किया है। संगठनात्मक कौशल और जनसंपर्क क्षमता पार्टी को और मजबूत करने में सहायक होगी। सुखीजा की नियुक्ति को क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें दी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रीत ग्रोवर,ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख कवलजीत कौर,समाजसेवी हिम्मत सिंह कुंवर,गदरपुर मंडल अध्यक्ष सुरेश खुराना,पूर्व प्रधान रविन्द्र सिंह जी,बाबू सिंह तोमर,पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुरबख्श बग्गा,महेंद्र कालरा,पूर्व जिला मंत्री अमित नारंग,काशीपुर मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह,मलकीत सिंह जी, अजय बठला,अजय अरोड़ा,प्रधान प्रवीण,प्रधान मिट्टòू कंबोज,सचिन बठला,मुकुल सुखीजा,कुनाल रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


