Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम धामी ने किया स्वास्थ्य सेवाओं का ‘रियलिटी चेक’ : मुख्यमंत्री ने अचानक देहरादून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचकर उपचार की गुणवत्ता पर लिया जनता का फीडबैक

देहरादून । अपने दूसरे कार्यकाल में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सबसे बड़ी खासियत यह निकलकर सामने आई है कि वे अपनी सरकार के कामकाज एवं सफलता- असफलता का आकलन करने के लिए नौकरशाहों और खुफिया तंत्र द्वारा दी गई रिपोर्ट पर बिल्कुल भरोसा नहीं करते हैं ,बल्कि वे अपनी सरकार के कामकाज और सरकारी योजनाओं की जनता तक पहुंच को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्वयं ही जांचते हैं। इस क्रम में मुख्यमंत्री अचानक ही राज्य के किसी भी गांव शहर अथवा किसी चलती सड़क पर अचानक ही आम आदमी की तरह जनसाधारण के बीच पहुंच जाते हैं और जनसाधारण से ही सरकार के कामकाज एवं जन सामान्य तक सरकारी योजनाओं की पहुंच का आकलन करते हैं। बीते शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने एक बार फिर बिल्कुल ऐसा ही किया। बताना होगा कि गुजरे शनिवार की शाम सीएम धामी बिना किसी पूर्व सूचना के देहरादून मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में जा धमके और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा पोस्टमार्टम कर डाला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समूचे राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, उपचार की गुणवत्ता सहित अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस क्रम में उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से वार्ता कर अस्पताल की सुविधाओं का फीडबैक भी प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री ने उपचाराधीन कई मरीजों से मुलाकात की, उनके स्वास्थ्य का हालचाल पूछा और अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया और आवश्यक निर्देश भी दिए। निरीक्षण के बीच मुख्यमंत्री अस्पताल के प्रतीक्षालय भी गए तथा अधिकारियों को मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए प्रतीक्षालय में उचित सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रतीक्षालय का निरीक्षण करते हुए, उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, पंखे और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तीमारदार अस्पताल व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं और उन्हें मानसिक रूप से सहज रहने में मदद करने के लिए बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जानी चाहिए ।मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि मरीजों के तीमारदारों का आराम और सम्मान भी राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकारी अस्पतालों में लोगों को सर्वात्तम संभव सेवाएँ प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया और अस्पताल परिसर में आवश्यक साफ-सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन और रंग-रोगन/ रखरखाव का कार्य तत्काल करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल न केवल चिकित्सा का स्थान है, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों को भावनात्मक और शारीरिक संबल भी प्रदान करता है, इसलिए स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और उचित रखरखाव अत्यंत महत्वपूर्ण है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *