कार शोरूम में घुसा बेकाबू ट्रक, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त
देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर कार शोरूम की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे के दौरान शोरूम में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि उस समय शोरूम बंद था, वरना जनहानि भी हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय अचानक तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक नियंत्रण खो बैठा और सीधे शोरूम की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाउंड्री वॉल टूटकर बिखर गई और ट्रक शोरूम परिसर के अंदर घुस गया। इससे वहां खड़ी कई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा.तफरी मच गई और लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से यहां गति पर नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम कड़े करने की मांग की है। हादसे से शोरूम संचालकों को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली कि यह हादसा सुबह के समय हुआ जब शोरूम में कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था, अन्यथा परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे।
