भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, दो गंभीर : दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर
देहरादून (उद संवाददाता)। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात बंशीपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई और पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की पुष्टि करते हुए विकास नगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक राठौड़ ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजस्थान मार्बल के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची तो वहाँ पांच युवक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले। सभी को तुरंत एंबुलेंस की मदद से हरबर्टपुर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने लंबरपुर बरोटीवाला निवासी वेदांश (20) और आसनपुल वार्ड नंबर आठ निवासी धोनी कश्यप (20) को मृत घोषित कर दिया। वहीं हरबर्टपुर के विवेक विहार निवासी रमनदीप (17) की हालत गंभीर होने पर उसे धूलकोट स्थित एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में आसनपुल निवासी विवेक कश्यप और शाहपुर कल्याणपुर रामगढ़ निवासी अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का उपचार धूलकोट के निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और सड़क पर अंधेरा छाया हुआ था, जिसके चलते दृश्यता कम थी। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि तेज गति और खराब मौसम दुर्घटना का कारण बने। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
