Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आपदा से हुई क्षति का जायजा लेने उत्तराखंड पहुँची केंद्रीय टीम

देहरादून। राज्य में हाल ही में आई आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अंतर मंत्रलय केंद्रीय टीम सोमवार को उत्तराखंड पहुँची। सुबह राजधानी देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने टीम के साथ बैठक की और विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अब तक की क्षति की जानकारी दी।बैठक के बाद केंद्रीय टीम विभिन्न जिलों के लिए रवाना हुई। टीम आगामी दो दिनों तक आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी और मौके पर जाकर स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेगी। इस दौरान टीम न केवल आपदा से प्रभावित स्थलों का निरीक्षण करेगी, बल्कि प्रभावित लोगों से भी बातचीत करेगी, ताकि वास्तविक परिस्थितियों और समस्याओं को समझा जा सके।जिलों में दौरे के बाद संबंधित जिला प्रशासन भी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्र में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी केंद्रीय टीम को देगा। सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि टीम को आपदा से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।दौरे के उपरांत केंद्रीय टीम देहरादून लौटकर एक समापन बैठक करेगी, जिसमें प्रदेश में आपदा से हुई क्षति और पुनर्वास की आवश्यकता पर अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। अंतर मंत्रालय की केंद्रीय टीम राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर व नैनीताल जनपद के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। टीम का नेतृत्व श्री आर. प्रसना, संयुक्त सचिव गृह मंत्रालय कर रहे हैं। जिनके साथ अनु सचिव शेर बहादुर, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार, उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह, निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *