August 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

शिक्षक दिवस पर प्रदेश के 13 शिक्षकों को ‘शैलेश मटियानी पुरस्कार’ से नवाजा

देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के 13 उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल ;सेनि. गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चित्र भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।सम्मान पाने वालों में प्राथमिक, माध्यमिक, प्रशिक्षण संस्थान और संस्कृत शिक्षा से जुड़े शिक्षक शामिल रहे, जिनमें छह महिला शिक्षिकाएं भी हैं। प्राथमिक स्तर पर पौड़ी जिले के डॉ. यतेंद्र प्रसाद गौड़, चमोली की रंभा शाह, उत्तरकाशी के मुरारी लाल राणा, हरिद्वार के ठाट सिंह, टिहरी की रजनी ममगाईं, रुद्रप्रयाग की मिली बागड़ी, चंपावत के नरेश चंद्र, पिथौरागढ़ के दीवान सिंह कठायत और अल्मोड़ा की डॉ. विनीता खाती को सम्मानित किया गया। माध्यमिक शिक्षा में पौड़ी के पुष्कर सिंह नेगी, उत्तरकाशी की गीतांजलि जोशी, देहरादून की डॉ. सुनीता भट्ट, चंपावत के प्रकाश चंद्र उपाध्याय और अल्मोड़ा के दीपक चंद्र बिष्ट को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रशिक्षण संस्थान श्रेणी से पिथौरागढ़ के राजेश कुमार पाठक तथा संस्कृत शिक्षा श्रेणी से हरिद्वार के डॉ. बलदेव प्रसाद चमोली को सम्मान प्राप्त हुआ।इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और नई पीढ़ी के भविष्य निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सिर्फ शिक्षकों की व्यक्तिगत उपलब्धियों का नहीं, बल्कि शिक्षा जगत की सामूहिक प्रगति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान के स्रोत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के कल्याण और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।समारोह के अंत में चयनित सभी शिक्षकों ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होकर गर्व और भावुकता व्यक्त की तथा शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *