किच्छा में शमा चिकन होटल पर छापा : बर्ड फ्लू की रोकथाम को लेकर चिकन व अंडे की बिक्री पूरी तरह बंद रखें
किच्छा।बर्ड फ्लू की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने नगर में चिकन बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों पर छापामारी की। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्य के नेतृत्व में टीम ने कई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान रोडवेज के सामने संचालित ’शमां चिकन होटल’ पर कार्रवाई की गई।टीम ने होटल में चिकन बिरयानी और कबाब की बिक्री पाए जाने पर उसे सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी। लेकिन देवभूमि व्यापार मंडल के हस्तक्षेप पर सीलिंग रोक दी गई। विभाग ने होटल स्वामी को चेतावनी नोटिस जारी कर तत्काल होटल बंद करने के आदेश दिए। गौरतलब है कि विगत 13 अगस्त को किच्छा क्षेत्र के एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्रलू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उप जिलाधिकारी गौरव पांडे के आदेश पर चिकन मीट, अंडे और चूजों की बिक्री पर अग्रिम आदेश तक पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। व्यापार मंडल महामंत्री नितिन फुटेला ने मौके पर पहुंचकर विभाग से केवल चेतावनी देने का आग्रह किया। उन्होंने सभी होटल और व्यापारियों से अपील की कि बर्ड फ्लू की स्थिति में चिकन व अंडे की बिक्री पूरी तरह बंद रखें।
