February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ईडी ने गुप्ता बंधुओं के ठिकानों पर छापा मारा : काली कमाई के खुल सकते हैं नए राज

देहरादून । अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग की दुनिया में बदनाम नाम गुप्ता बंधुओं पर अब भारत में शिकंजा कसना शुरू हो गया है। दक्षिण अफ्रीका की राजनीति को हिला देने वाले अतुल, अजय और राजेश गुप्ता के खिलाफ ईडी ने मंगलवार को बड़ी छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका सरकार की तरफ से आई म्यूचुअल लीगल असिस्टेंट रिक्वेस्ट के बाद भारत की एजेंसी हरकत में आई और गुप्ता बंधुओं के ठिकानों पर छापा मारा। दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, देहरादून और सहारनपुर में हुई इस रेड से गुप्ता बंधुओं की काली कमाई के नए राज खुल सकते हैं। देर रात तक चली इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में दस्तावेज और डिजिटल सबूत कब्जे में लिए गए हैं। गुप्ता बंधुओं पर आरोप है कि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के साथ मिलकर सरकारी खजाने को करीब 45 अरब रैंड (भारतीय मुद्रा में 200 अरब रुपए से ज्यादा) का चूना लगाया। यही वजह है कि जुमा सरकार के भ्रष्टाचार घोटाले में उन्हें मास्टरमाइंड माना जाता है। ईडी की जांच में सामने आया है कि गुप्ता बंधु अहमदाबाद के कारोबारी राम रतन जगाती की दुबई स्थित जेजे ट्रेडिंग FZई नाम की शेल कंपनी का इस्तेमाल कर मनी लॉन्ड्रिंग करते थे। इस मामले में वर्ल्ड विंडो ग्रुप के संचालक पीयूष गोयल का नाम भी जुड़ा बताया जा रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुई इस संयुक्त कार्रवाई से साफ है कि गुप्ता बंधुओं की मुश्किलें अब यहीं नहीं रुकेंगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल मनी लॉन्ड्रिंग केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *