मुठभेड़ में दरऊ गोलीकाण्ड के दो आरोपियों को लगी गोली
किच्छा। जनपद पुलिस द्वारा शातिर बदमाशों के खिलाफ चलाये जा रहे लंगड़ा अभियान के तहत किच्छा पुलिस ने रविवार की शाम मुखबिर की सूचना पर आलिम हत्याकाण्ड में शामिल दो आरोपियों को दरऊ के एक खेत में घेर कर मुठभेड़ के पश्चात दबोच लिया। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। उनका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त तमंचे और कई कारतूस भी बरामद किये हैं। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बीती 19 अगस्त को दरऊ निवासी शमी ने कुछ लोगों के खिलाफ अपने भाई आलिम की गोली मारकर हत्या कर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके साथ ही अपने घर में घुसकर फायरिंग करने, नगदी लूटने का आरोप लगाकर मीना ने गुलनवाज व 23 अन्य लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि रविवार की सायं किच्छा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आलिम हत्याकांड के आरोपी साजिद खान और गुलनवाज खान दरऊ स्थित पॉपुलर के खेत में छिपे हुए हैं। सूचना के बाद कोतवाल के नेतृत्व में वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, उप निरीक्षक ओमप्रकाश नेगी, हेमचंद तिवारी, बसंत प्रसाद, मनोज कुमार, अपर उप निरीक्षक जगदीश सिंह और अन्य पुलिस कर्मियों की टीम ने दबिश दी। पुलिस टीम से खुद को घिरा को देखकर दोनों आरोपियों ने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उक्त दोनों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। मौके से पुलिस ने 315 बोर के दो अवैध तमंचे और कई जिंदा कारतूस बरामद किए। दोनों घायलों को किच्छा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर वह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों से आवश्यक पूछताछ की और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि जनपद के शातिर अपराधियों को अपराध करने छोड़ने हांगे या फिर उन्हें खुद जिले से बाहर जाना होगा। अन्यथा उनके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। एसएसपी ने कहा कि आलिम हत्याकाण्ड के अन्य फरार आरोपियों
को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
पूर्व प्रधान को गोली मारने वाले दो बदमाश दबोचे
काशीपुर। कुंडेश्वरी खरमासा क्षेत्र में रविवार देर शाम अचार फैक्ट्री की ओर भाग रहे दो संदिग्ध बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भी तमंचा और कारतूस सहित दबोच लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान काव्य शर्मा पुत्र स्व. सुनील कुमार शर्मा निवासी ढकिया और राघव मिश्रा उर्फ निखिल पुत्र राजेश मिश्रा निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में बदमाशों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने माना कि 21 अगस्त 2021 को पूर्व ग्राम प्रधान श्याम सिंह ;ढकियाद्ध पर काव्य शर्मा ने गोली चलाई थी, जिसका कारण पुरानी रंजिश थी। पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों का आपराधिक इतिहास लंबा है। काव्य शर्मा का भाई कार्तिक शर्मा फरवरी 2024 में थाना आईटीआई क्षेत्र के दोहरे हत्याकांड में जेल भेजा जा चुका है। खुद काव्य शर्मा भी पूर्व में हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों में आरोपी रह चुका है। यही नहीं, उसका सगा मामा भी हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है।
