सड़क पार कर रहे राहगीर को कार ने रौंदा,मौत
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। गत सायं काशीपुर मार्ग पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज गति से जाते कार चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह व्यक्ति छिटककर काफी दूर डिवाइडर से टकराकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर उसे उपचार के लिए 108 एम्बुलेन्स से जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी जिला चिकित्सालय आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। बताया जाता है कि जिस निजी वाहन से व्यक्ति की टक्कर हुई उसमें पुलिस कर्मी सवार थे। जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैम्प वार्ड तीन निवासी 79 वर्षीय मनोरंजन सरकार पुत्र स्व- राजेन्द्र सरकार विभिन्न धार्मिक आयोजनो में पूजा पाठ का काम करते थे।परिजनों ने बताया रविवार की प्रातः मनोरंजन सरकार किसी कार्य के लिए दो पहिया वाहन पर सवार होकर दिनेशपुर गये थे। जहां से वापिस लौटने के दौरान उन्होंने अपना वाहन मार्ग में ग्राम जाफरपुर के पास सड़क किनारे खड़ा किया और सामान लेने के लिए पैदल सड़क पार करने लगे इसी दौरान गदरपुर की ओर से तेज गति सें आती कार संख्या यूपी 21 सीडी 6830 के चालक नें मनोरंजन को जोर से टक्कर मार दी जिससे वह छिटककर काफी दूर डिवाइडर से जा टकराये और गम्भीर रूप से घायल हो गये। परिजनों का आरोप है कि जिस कार से टक्कर हुई हैं। उसमें पुलिस कर्मी सवार थे। मनोरंजन सरकार को गम्भीर हालत में 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया आज दोपहर घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे जहां उन्होंने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। मृतक मनोरंजन सरकार के चार विवाहित पुत्र और एक विवाहित पुत्री है।
