Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सरकार करेगी हर संभव मदद : थराली और कुलसारी पहुँचकर आपदा प्रभावितों से मिले मुख्यमंत्री धामी

चमोली। प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे चमोली जनपद के थराली क्षेत्र का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रें का जायजा लेने के बाद सीधे थराली और कुलसारी पहुँचकर लोगों से प्रत्यक्ष संवाद किया। उन्होंने आपदा पीड़ित परिवारों की समस्याएं गहराई से सुनीं और आश्वस्त किया कि सरकार हर स्तर पर उनकी मदद के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनकी व्यथा सुनी। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से धैर्यपूर्वक संवाद किया और कहा मैं इस दुख की घड़ी में आप सभी के साथ हूं। राज्य सरकार का हर विभाग आपकी सहायता के लिए पूरी तरह से जुटा हुआ है। किसी भी परिवार को भूखा-प्यासा या असहाय नहीं रहने दिया जाएगा। आप सभी को आश्रय, भोजन, दवाई और हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। कहा कि इस आपदा से प्रभावित परिवारों को न केवल तत्काल राहत दी जाएगी बल्कि उनके पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा पर भी गंभीरता से काम होगा। आपके घर, खेत और रोजगार का नुकसान हुआ है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि सरकार हर संभव मदद करेगी। पुनर्निर्माण कार्य तेजी से शुरू होंगे और किसी को भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। यह समय धैर्य और हौसले का है, और सरकार पूरी ताकत से आपके साथ खड़ी है। थराली एवं कुलसारी में मुख्यमंत्री ने राहत-बचाव कार्यों और सुविधाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रें की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत सामग्री के वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सहायता राशि का वितरण शीघ्र किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके पुनर्निर्माण के लिए विशेष पैकेज तैयार किया जाएगा। सीएम धामी ने स्थानीय लोगों से मिले सुझावों और समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके पर ही अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने हेलीपैड पर उतरते ही प्रशासनिक टीम से फीडबैक लिया और संपूर्ण राहत कार्यों की प्रगति की जानकारी हासिल की।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *