थराली में बादल फ़टने से भारी तबाही : थराली के कोटड़ीप, राड़ीबगड़, अपर बाजार, कुलसारी, चेपडो, सगवाड़ा समेत कई हिस्सों में मलबा घुसने से मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थराली में राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए
चमोली (उद संवाददाता)। उत्तराखंड में मानसूनी बारिश कहर बनकर टूट रही है। उत्तरकाशी के धराली और स्यानाचट्टðी में भारी बारिश से हालात बिगड़े ही थे कि शुक्रवार देर शाम चमोली जिले के थराली विकासखंड में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। थराली के कोटड़ीप, राड़ीबगड़, अपर बाजार, कुलसारी, चेपडो, सगवाड़ा समेत कई हिस्सों में मलबा घुसने से मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में 20 वर्षीय युवती की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि चेपडो गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। नगर पंचायत थराली के कोटड़ीप क्षेत्र में दुकानों और मकानों को मलबे से भारी नुकसान पहुंचा है। कई गाड़ियां और बाइकें मलबे में दब गईं। राड़ीबगड़ में तो उपजिलाधिकारी का आवास भी मलबे से भर गया। नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास समेत कई घरों में मलबा घुस गया।


थराली मुख्य बाजार में 108 एंबुलेंस समेत पांच गाड़ियां दब गईं। लोगों ने घबराकर घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों में शरण ली।तेज बारिश से थराली क्षेत्र में 50 से अधिक छोटे-बड़े वाहन मलबे में दब गए हैं। कर्णप्रयाग- ग्वालदम सड़क समेत कई प्रमुख मार्ग भूस्खलन और मलबे के कारण पूरी तरह ठप हो गए हैं। पैदल आवाजाही भी मुश्किल हो गई है। संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस बल की टीम राहत व बचाव कार्य में युद्धस्तर पर जुटी है। अवरुद्ध मार्गों को खोलने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। कर्णप्रयाग ग्वालदम सड़क को भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। जिसे सुचारू करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।


मौसम विभाग ने 22 से 25 अगस्त तक पूरे उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 23 अगस्त के लिए कई जिलों में रेड और येलो अलर्ट घोषित किया गया है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में एहतियातन सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थराली में बादल फटने से युवती की मौत और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए लापता व्यक्ति के सकुशल मिलने की कामना की। मुख्यमंत्री ने पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग और प्रशासन की टीमों को राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद के जनप्रतिनिधियों से टेलीफोन पर वार्ता कर बादल फटने से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आपदा पर गहरा दुःख जताते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से राहत और बचाव कार्यों में जिला प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है। इसके साथ उन्होंने स्थानीय विधायक से वार्ता कर उनसे मौके पर रहकर राहत एवं बचाव कार्याे का भौतिक निरीक्षण करने की अपेक्षी की है।
